श्रेया न्यूज़ सीमा सिंह शहडोल सरकार ने समोसे-जलेबी जैसे हाई-कैलोरी देसी स्नैक्स पर चेतावनी बोर्ड लगाने का आदेश दिया है। इन पोस्टरों में चीनी और तेल की मात्रा बताई जाएगी। यह पहल फिट इंडिया मूवमेंट का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य मोटापा और लाइफस्टाइल बीमारियों को रोकना और जनता को जागरूक करना है।
इंदौर। भारत में चाय के साथ समोसे और जलेबी त्योहारों पर जलेबी खाना एक आम बात है। इन स्वादिष्ट देसी स्नैक्स में तेल और चीनी की मात्रा बहुत होती है। सरकार ने समोसे और जलेबी पर लोगों को जागरूक करने के लिए एक अहम कदम उठाया है।
अब समोसे-जलेबी के साथ लगेगी चेतावनी
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने सभी केंद्रीय संस्थानों, सरकारी कैंटीनों और सार्वजनिक भोजनालयों को निर्देश दिया है कि वे “तेल और चीनी बोर्ड” लगाएं। इन रंगीन पोस्टरों में समोसे, जलेबी जैसे लोकप्रिय स्नैक्स में मौजूद तेल और चीनी की मात्रा को दिखाया जाएगा। इस कदम से उपभोक्ताओं को हाई-कैलोरी फूड्स से होने वाले खतरे के लिए सावधान करना है।
मोटापा और लाइफस्टाइल बीमारियों के खिलाफ बड़ा अभियान
यह पहल उस व्यापक अभियान का हिस्सा है, जिसके जरिए सरकार लाइफस्टाइल से जुड़ी बीमारियों, मोटापा, कैंसर और मानसिक हानि जैसी समस्याओं से लड़ने की कोशिश कर रही है। विशेषज्ञों ने कहा कि जलेबी, समोसे जैसे डीप-फ्राइड और शुगर लोडेड फूड्स मोटापा बढ़ाते हैं। इसके साथ डाइजेशन, त्वचा और दिमागी स्वास्थ्य पर भी बुरा असर डालते हैं।
AIIMS नागपुर में शुरू हुई पहल
AIIMS नागपुर के अधिकारियों ने बताया कि उन्हें मंत्रालय की तरफ से सर्कुलर मिल चुका है। कैंटीन व सार्वजनिक स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाने की तैयारी शुरू हो चुकी है। कार्डियोलॉजिक सोसायटी ऑफ इंडिया, नागपुर चैप्टर के अध्यक्ष डॉ. अमर अमले ने इसे “सिगरेट जैसे फूड लेबलिंग की शुरुआत” बताया है।







