सांप घर से रहेंगे कोसों दूर, उसके लिए बस रख लो ये देसी जुगाड़, बरसाती मौसम में भी बच्चे और परिवार रहेगा महफूज
👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं
सीमा सिंह शहडोल -: Barish Me Saanp Kaise Bhagaye: बरसात में सांप अक्सर घरों और बाग-बगिचों में घुस आते हैं जिससे डर बना रहता है. लेकिन कुछ आसान घरेलू चीजें जैसे नेफ्तलीन, अमोनिया, लौंग-दालचीनी और लहसुन-प्याज का तेल सांप को दूर रखने में बेहद असरदार हैं. इसके अलावा नीम की पत्तियां और सरसों के दाने भी पुराने देसी जुगाड़ हैं जो सांपों को पास नहीं फटकने देते.
Monsoon Mein saanp Kaise Bhagaye: सांप का नाम सुनते ही अच्छे-खासे हिम्मती लोग भी डर जाते हैं. बरसात के मौसम में तो यह डर और भी ज्यादा बढ़ जाता है क्योंकि इस समय हरियाली ज्यादा हो जाती है. नमी के कारण सांप अक्सर बाग-बगिचों या फिर घर के अंदर तक घुस आते हैं. यह बच्चों के लिए तो खासकर खतरनाक हो सकता है. कहीं खेलते वक्त उनका सामना सांप से न हो जाए, इस डर से घर के लोग हमेशा सहमे रहते हैं.
लेकिन घबराने की कोई जरूरत नहीं है. हमारे घर में ही कई ऐसी आसान चीजें मौजूद हैं जिनकी गंध सांप को बिलकुल पसंद नहीं आती. अगर इन्हें सही जगहों पर इस्तेमाल कर लिया जाए तो सांप आपके घर के पास भी नहीं फटकेंगे. ये देसी तरीके हैं, जो बिना ज्यादा खर्च के आसानी से अपनाए जा सकते हैं.
सबसे पहला तरीका है नेफ्तलीन की गोलियों का. आप इन गोलियों को लेकर अच्छी तरह कूटकर पाउडर बना लें और फिर इस पाउडर को थोड़ा पानी मिलाकर घोल बना लें. अब इस घोल को घर के दरवाजों, खिड़कियों, आंगन और पौधों के पास छिड़क दें. इसकी तीखी महक सांप को इतनी बुरी लगती है कि वो तुरंत वहां से दूर चला जाएगा.
दूसरा उपाय है अमोनिया. इसकी भी गंध सांप बिलकुल बर्दाश्त नहीं कर पाते. आप 2-3 चम्मच अमोनिया को 1-2 कप पानी में मिलाकर एक स्प्रे बोतल में डाल लें. अब इस स्प्रे को घर के चारों ओर, खिड़कियों और बाग-बगिचों में छिड़क दें. कुछ ही मिनट में सांप को यह जगह छोड़कर भागना पड़ेगा.
तीसरा तरीका है लौंग और दालचीनी का तेल. आप इन दोनों तेलों को दो-दो चाय के चम्मच लेकर करीब तीन कप पानी में मिला लें और एक स्प्रे तैयार कर लें. अब इसे बाग-बगिचों और घर के आस-पास छिड़क दें. इससे न सिर्फ सांप बल्कि बरसात के छोटे-छोटे कीड़े भी दूर रहते हैं. इसकी महक सांप को बिलकुल भी रास नहीं आती.
चौथा उपाय है लहसुन और प्याज के तेल का. इनके तेल में कुछ ऐसे तत्व होते हैं जिनकी बदबू सांप को सख्त नापसंद है. आप इसे दरवाजों और खिड़कियों के पास डाल सकते हैं. इससे सांप आपके घर की दहलीज के पास भी नहीं आएगा.
इसके अलावा कुछ देसी जुगाड़ भी हैं जो गांवों में लोग बरसों से अपनाते आ रहे हैं. जैसे जहां सांप दिखने की संभावना हो वहां पुराने फटे हुए टायर के टुकड़े या काटी हुई प्लास्टिक की खाली बोतलें डाल दें. सांप इन पर अपनी पकड़ नहीं बना पाते और फिसल कर वापस चले जाते हैं. दूसरा, नीम की पत्तियों को कूटकर दरवाजों या बाग-बगिचों में डाल दें. नीम की तीखी खुशबू से भी सांप दूर भागते हैं. तीसरा, सरसों यानी राई के दाने भी बाहर डाल सकते हैं. माना जाता है इसकी महक सांप को कतई पसंद नहीं आती.
तो इस बार बरसात में सांप का डर अपने मन से निकाल दीजिए. ऊपर बताए गए किसी भी उपाय को अपनाकर देखिए, आपका घर और परिवार दोनों सुरक्षित रहेंगे. और हां, अगर कभी कोई बड़ा सांप दिख जाए तो समझदारी इसी में है कि तुरंत किसी पेशेवर सांप पकड़ने वाली टीम को बुला लिया जाए, ताकि बिना रिस्क के यह समस्या हल हो जाए.
(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. श्रेया न्यूज़ इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)