सीमा सिंह शहडोल -: अहमदाबाद में हुए विमान हादसे में राजस्थान के 11 लोगों की मौत हो गई है। जिसमें बांसवाड़ा के एक डॉक्टर पूरा परिवार था। यह परिवार लंदन शिफ्ट होने के लिए जा रहा था। वहीं हादसे में उदयपुर के 4 लोगों की जान चली गई है।
उदयपुर, राजस्थान: अहमदाबाद में हुए विमान हादसे में 265 लोगों की जान चली गई है। इसमें भारत के 169 यात्री सवार थे। जिसमें से राजस्थान के 11 लोग थे। जिनकी इस हादसे में मौत हो गई। मृतकों में एक ही परिवार के 5 लोग शामिल हैं। उनका पूरा परिवार ही हादसे का शिकार हो गया। साथ ही उदयपुर के 4 लोगों की भी मौत हुई है।
एक झटके में खत्म हो गया पूरा परिवार
हादसे में राजस्थान के बांसवाड़ा के एक प्रतिष्ठित रेडियोलॉजिस्ट डॉ. प्रतीक जोशी के पूरा परिवार की जान चली गयी। इस फ्लाइट में उनकी पत्नी डॉ. कौमी व्यास और तीन बच्चें थे जो लंदन शिफ्ट होने के लिए रवाना हुए थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।
मृतक के मामा डॉ. हिमांशु द्विवेदी ने बताया कि प्रतीक के माता-पिता डॉ. जेपी जोशी और उनकी पत्नी उन्हें विदा करने एयरपोर्ट पहुंचे थे। उन्हें क्या ही मालूम था यह उनकी आखरी मुलाकात होगी । बता दें कि डॉ. कौमी उदयपुर के पेसिफिक मेडिकल कॉलेज में पैथोलॉजी विभाग में कार्यरत थीं। उनके पति लंदन में कार्यरत थे।
उदयपुर के 4 लोगों की मौत
हादसे में उदयपुर के मार्बल व्यवसायी संजीव मोदी के पुत्र-पुत्री शुभ और शगुन मोदी की भी मौत हो गई है। दोनों पारिवारिक व्यवसाय में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे और लंदन यात्रा पर निकले थे। हादसे की सूचना मिलते ही संजीव मोदी अहमदाबाद रवाना हो गए। वल्लभनगर निवासी वरदीचंद मेनारिया की भी हादसे में मौत हो गई है। उनके साथ प्रकाश मेनारिया भी यात्रा पर थेI
पति से मिलने लंदन जा रही थी खुशबू
वहीं राजस्थान के बालोतरा की खुशबू भी इस प्लेन दुर्घटना की शिकार हो गई हैं। वह शादी के बाद पहली बार अपने पति से मिलने के लिए लंदन जा रही थी, पर यह हादसा हो गया। खुशबू की इसी साल शादी हुई थी मृतका के पति लंदन में डॉक्टर हैं। उन दोनों की शादी इसी साल 18 जनवरी को हुई थी। इस खबर के बाद मृतका के परिजनों में शोक की लहर दोड़ गयी है। साथ ही हादसे में बीकानेर के पूर्व विधायक किशनाराम नाई के परिजन अभिनव परिहार की भी जान गई चली गई है।







