सीमा सिंह शहडोल -: Laxman Singh: कांग्रेस ने दिग्विजय सिंह के भाई लक्ष्मण सिंह को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है। उनके खिलाफ पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप लगे हैं। लक्ष्मण सिंह ने हाल ही में राहुल गांधी और रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ विवादित बयान दिए थे।
भोपाल। कांग्रेस ने राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह के भाई लक्ष्मण सिंह को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है। उनके खिलाफ पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने की बात कही गई है। कुछ दिन पहले से लक्ष्मण सिंह पार्टी के नेता राहुल गांधी और रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ बयान दिया था।
लक्ष्मण सिंह पांच बार लोकसभा सदस्य और तीन बार विधायक भी रहे हैं। उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले के बाद 24 अप्रैल को गुना के राघौगढ़ में आतंकवाद के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी, रॉबर्ट वाड्रा और उमर अब्दुल्ला पर निशाना साधा था।

बचकाने बयानों को हम कब तक झेलेंगे
लक्ष्मण सिंह का कहना था कि उमर अब्दुल्ला आतंकियों से मिले हुए हैं, जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस को तुरंत उनसे अपना समर्थन वापस ले लेना चाहिए। उन्होंने रॉबर्ट वाड्रा के बयान पर कहा था कि राहुल गांधी के जीजाजी कहते हैं कि मुस्लिमों को सड़क पर नमाज नहीं पढ़ने देते, इसलिए आतंकियों ने हमला किया था। इनके बचकाने बयानों को हम कब तक झेलेंगे।
उन्होंने आरोप लगाया था कि राहुल गांधी को बहुत सोच-समझकर बात करना चाहिए। उनकी इन्हीं नादानियों की वजह से ही इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। लक्ष्मण सिंह ने यह भी कहा था कि मैं कैमरे के सामने कह रहा हूं, कांग्रेस मुझे निकालना चाहती हैं तो निकाल दे।







