सीमा सिंह शहडोल -: उत्तर भारत में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक और अधिक गर्मी की चेतावनी दी है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जाने की आशंका है। दिल्ली में 12 जून के बाद बारिश की उम्मीद है जबकि मानसून 24-25 जून तक दस्तक दे सकता हैI
देशभर में कई राज्यों में मानूसन ने दस्तक दे दी है, वहीं कुछ राज्यों में गर्मी अपना कहर मचा रही है। देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी से जनजीवन प्रभावित है। दिल्ली में तापमान 42 डिग्री से ऊपर पहुंच गया है और 44 डिग्री तक जाने की संभावना है। यूपी के कई जिलों में लू का अलर्ट है। वहीं एमपी के 11 जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी हो गई है। हालांकि 12 जून को दिल्ली-NCR और आसपास के राज्यों में बारिश की उम्मीद जताई गई है।

दिल्ली-यूपी में मौसम का हाल
मौसम विभाग के अनुसार 10 जून को दिल्ली-NCR में आसमान साफ रहेगा। कुछ स्थानों पर लू की स्थिति रहेगी, धूल भरी हवाएं 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी। दिल्ली में अधिकतम 43 से 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं अगर यूपी की बात करें तो मौसम विभाग ने सोमवार को वाराणसी समेत 19 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है। अगले 4-5 दिन तक तापमान लगातार बढ़ेगा, धूप तेज रहेगी और गर्म हवाएं परेशान करेंगी।

एमपी में लू का येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग के अनुसार, वातावरण से नमी कम होने के कारण तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है। अगले तीन दिन में अधिकतम तापमान दो से तीन डिग्री तक और बढ़ सकता है। ग्वालियर, चंबल एवं सागर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं लू भी चल सकती है। इसके अलावा गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों मौसम विभाग ने लू चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि 12 जून के बाद राहत की बौछारें पड़ने की भी उम्मीद है।

हरियाणा-राजस्थान का भी लू से बुरा हाल
मौसम विभाग ने हरियाणा में लू चलने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने बताया कि दिन और रात दोनों समय में ही लू चलने की संभावना है। हिसार ,फतेहाबाद, सिरसा, जींद रोहतक में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा पलवल, मेवात, फरीदाबाद, गुरुग्राम ,अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, भिवानी में येलो अलर्ट जारी किया गया है इन शहरों में तापमान 45 डिग्री से अधिक रहेगा।

वहीं, राजस्थान में भी गर्मी का कहर जारी है। प्रदेश में 11 जून तक मौसम में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में लू और गर्म हवाओं का प्रकोप जारी रहेगा। विशेष रूप से पश्चिमी और उत्तरी राजस्थान के जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।







