सीमा सिंह शहडोल -: स्नातक पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों को AEDP के तहत अप्रेंटिसशिप के लिए हर माह 7 से 8 हजार रुपये स्टायपेंड मिलेगा। इसमें बीकॉम इन रिटेल ऑपरेशन और बीकॉम इन ह्यूमन रिसोर्स ऑपरेशंस, हेल्थ केयर मैनेजमेंट, बीए इन टूरिज्म एंड हास्पिटेलिटी, बीकॉम इन लाजिस्टिक, बीकॉम इन बैंकिंग एंड फाइनेंस जैसे पाठ्यक्रम शामिल होंगे।
भोपाल। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत सरकारी कालेजों में शैक्षणिक सत्र 2025-26 में स्नातक पाठ्यक्रम में अप्रेंटिसशिप एम्बेडेड डिग्री प्रोग्राम (AEDP) पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं। इसके तहत दो साल कॉलेज में एकेडमिक पढ़ाई होगी और तीसरे साल में इंडस्ट्री में अप्रेंटिसशिप कराई जाएगी। इसके लिए विद्यार्थियों को अप्रेंटिसशिप के लिए हर माह 7 से 8 हजार रुपये स्टायपेंड मिलेगा। इसमें बीकॉम इन रिटेल ऑपरेशन और बीकॉम इन ह्यूमन रिसोर्स ऑपरेशंस, हेल्थ केयर मैनेजमेंट, बीए इन टूरिज्म एंड हास्पिटेलिटी, बीकॉम इन लाजिस्टिक, बीकॉम इन बैंकिंग एंड फाइनेंस जैसे पाठ्यक्रम शामिल होंगे।
एक से लेकर तीन सेमेस्टर तक करनी होगी अप्रेंटिसशिप
विद्यार्थियों को कम से कम एक सेमेस्टर और अधिकतम तीन सेमेस्टर तक अप्रेंटिसशिप करनी होगी। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा एईडीपी के तहत बीकॉम, बीएससी और बीए स्तर के 7 पाठ्यक्रम संचालित करने के लिए कॉलेजों को निर्देशित किया गया है। इसके तहत राजधानी के सरकारी कॉलेजों ने यह प्रोग्राम शुरू करने का निर्णय लिया है। दरअसल, यूजीसी ने सभी उच्च शिक्षा संस्थानों से स्नातक स्तर पर एईडीपी को लागू करने के निर्देश दिए हैं। —
IEHE में 2 और हमीदिया कॉलेज 3 प्रोग्राम में देगा एडमिशन
उच्च शिक्षा उत्कृष्टता संस्थान (आईईएचई) की ओर से दो प्रोग्राम शुरू किया गया है। 15 मई से प्रवेश प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इसमें बीकॉम इन रिटेल आपरेशन और बीकाम इन ह्यूमन रिसोर्स आपरेशंस पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं। दोनों प्रोग्राम में 50-50 सीटें हैं। वहीं, हमीदिया प्रधानमंत्री कॉलेज आफ महाविद्यालय में तीन पाठ्यक्रम शुरू होंगे। यहां बीकॉम इन रिटेल आपरेशंस, बीएससी इन हेल्थ केयर मैनेजमेंट और बीए इन टूरिज्म एंड हॉस्पिटेलिटी हैं। इनमें 30-30 सीटें हैं। वहीं मोतीलाल विज्ञान महाविद्यालय में एक बीएससी इन फार्मास्यूटिकल मैन्युफैक्चरिंग एंड क्वालिटी प्रोग्राम शुरू होंगे। इसमें 25 सीटें होंगी।
नूतन गर्ल्स कॉलेज में चार प्रोग्राम
नूतन कॉलेज में चार डिग्री प्रोग्राम शुरू किए जा रहे हैं। इसमें बीकॉम इन ह्यूमन रिसोर्स, बीकॉम इन बैंकिंग एंड फाइनेंस, बीकॉम इन लॉजिस्टिक और बीएससी इन हेल्थकेयर मैनेजमेंट हैं। इनमें 30-30 सीटें रहेंगी। वहीं बाबूलाल गौर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय (भेल कॉलेज) एक पाठ्यक्रम संचालित करेगा। यहां बीए टूरिज्म एंड हॉस्पिटेलिटी ऑपरेशंस प्रोग्राम करने का निर्णय लिया गया है। इसमें 30 सीटें होंगी।
गीतांजलि कॉलेज में दो प्रोग्राम शुरू होंगे
शासकीय गीतांजलि कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय द्वारा दो प्रोग्राम शुरू किए जा रहे हैं। बीकॉम इन ह्यूमन रिसोर्स दाखिले दिए जाएंगे। दोनों में 30-30 सीटें हैं। शासकीय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी महाविद्यालय में भी एक प्रोग्राम शुरू किया जाएगा। यहां पर बीकॉम बैंकिंग फाइनेंस एंड इंश्योरेंस संचालित होंगे। इसमें 30 सीटें होंगी। एमएलबी गर्ल्स कॉलेज महारानी लक्ष्मीबाई कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय दो प्रोग्राम ऑफर करेगा। इसमें बीएससी इन हेल्थ केयर मैनेजमेंट और बीकॉम इन रिटेल आपरेशंस प्रोग्राम शुरू किया गया है। इसमें 130-30 सीटें होंगी।
IEHE के डायरेक्टर डॉ. प्रज्ञेश अग्रवाल का कहना है कि एईडीपी के तहत रोजगारोन्मुखी कार्यक्रम शुरू किए गए हैं। इससे विद्यार्थियों की रोजगार क्षमता बढ़ाई जा सके। परिणाम आधारित शिक्षा को बढ़ावा मिले।







