सीमा सिंह शहडोल -: Vidisha News: विदिशा में एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। संध्या अहिरवार ने 5 साल पहले प्रमोद गोस्वामी से प्रेम विवाह किया था। परिजनों का आरोप है कि पति ने शराब के नशे में संध्या के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपित पति को हिरासत में ले लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
- विदिशा में घरेलू हिंसा की घटना, पति ने कर दी पत्नी की हत्या।
- पुलिस ने आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया है, जांच जारी।
- मृतका के परिजनों ने लगाए प्रताड़ना के आरोप, न्याय की मांग।
विदिशा शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत हर्ष विहार कॉलोनी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। महिला का नाम संध्या अहिरवार है। संध्या ने वर्ष 2020 में प्रमोद गोस्वामी से प्रेम विवाह किया था। दोनों की एक दो साल की मासूम बच्ची भी है।
संध्या के पिता अर्जुन अहिरवार का आरोप है कि शुक्रवार रात को प्रमोद ने शराब के नशे में संध्या के साथ जमकर मारपीट की, उसके शरीर में चोट के निशान है। जिसके चलते उसकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही संध्या को प्रताड़ित किया जा रहा था और आए दिन पति के साथ घर में झगड़े होते रहते थे।
पति ही अस्पताल लेकर पहुंचा था
घटना शुक्रवार रात करीब 11 की है, पुलिस को मेडिकल कॉलेज से इसकी सूचना मिली। पुलिस के अनुसार संध्या को मृत अवस्था में उसका पति प्रमोद ही अस्पताल लेकर पहुंचा था। सीएसपी अतुल सिंह ने बताया कि आरोपित पति प्रमोद गोस्वामी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।
प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह घरेलू कलह मानी जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।







