सीमा सिंह शहडोल -: शहडोल संभाग की आयुक्त सुरभि गुप्ता ने शनिवार को गर्मी में जल संकट से निपटने के लिए तीनों जिलों में पेयजल व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक ने आयुक्त ने कहा- गर्मी में जल स्तर गिरने से हैंडपंप से पानी नहीं मिलने और नल-जल योजनाओं के संचालन में समस्याएं आती हैं। इस वजह से खराब हैंडपंपों की तत्काल मरम्मत की जाए। जहां राइजर पाइप बढ़ाने की जरूरत है, वहां कार्रवाई की जाए। नए बोरवेल की आवश्यकता वाले स्थानों पर हैंडपंप स्थापित किए जाएं।

जनपद और जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी विभागों को आपस में समन्वय बनाकर समस्याओं का समाधान करना होगा। विशेष रूप से बिजली की समस्याओं के लिए विद्युत विभाग से समन्वय करना होगा।
अधूरी नल-जल योजनाओं को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। इन्हें पूरा किए बिना ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित नहीं किया जाएगा। ग्रामीण विकास विभाग और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की टीम बनाकर कलेक्टरों को योजनाओं का सत्यापन कराना होगा।
जल जीवन मिशन के तहत विभागीय अमले को सजग रहने और नियमित भ्रमण करने को कहा गया है। विशेष रूप से बैगा बस्तियों के लिए बनाई गई नल-जल योजनाओं का काम 15 मई तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।







