सीमा सिंह शहडोल -: ग्वालियर में चार लुटेरों ने डीएसपी के ड्राइवर को लूट लिया। उन्होंने एटीएम बूथ से रुपये निकाले और ड्राइवर को कार की बोनट पर लटकाकर एक किलोमीटर तक ले गए। पुलिस ने दो लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है। इस घटना में पुलिस की सक्रियता और ड्राइवर की हिम्मत ने लुटेरों को पकड़ने में मदद की।
- ग्वालियर पुलिस ने घेराबंदी कर दो बदमाशों को पकड़ा।
- ये बदमाश दिल्ली के शाहीन बाग इलाके के रहने वाले हैं।
- पुलिस कर रही पूछताछ, कहां-कहां की है ऐसी लूट।
ग्वालियर शहर के नाका चंद्रवदनी स्थित सेंट्रल बैंक आफ इंडिया के एटीएम बूथ में घुसकर मंगलवार सुबह 10.40 बजे बेखौफ चार लुटेरों ने डीएसपी मनीष यादव(एसडीओपी बेहट) के ड्राइवर(प्रधान आरक्षक) नरेंद्र पलिया को ही लूट लिया। पहले एक लुटेरा बूथ के अंदर घुसा, जिसने पीछे से एटीएम का गोपनीय पिन देख लिया।
इसके बाद इशारा कर अपने साथियों को बुलाया और एटीएम कार्ड व 10 हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद अपनी जायलो कार डीएल 12 सीए 5606 में सवार होकर भागने लगे। नरेंद्र ने हिम्मत नहीं हारी और पीछे दौड़ लगा दी।
बोनट पर लटकाकर ले गए
जब लुटेरे कार में सवार हो गए तो नरेंद्र कार के सामने आ गया, लेकिन लुटेरे उसे कार की बोनट पर करीब एक किलोमीटर दूर चेतकपुरी तक लटकाकर ले गए। तभी कार की गति धीमी हुई तो नरेंद्र कूद गया। इसके बाद भी राहगीर से लिफ्ट मांगकर नरेंद्र ने पीछा किया, लेकिन लुटेरे जब आंखों से ओझल हो गए तो डीएसपी यादव को फोन कर मदद मांगी।
आनन-फानन में पूरे शहर में नाकाबंदी की गई। तब तक नरेंद्र के मोबाइल पर दो एसएमएस आए। शिंदे की छावनी स्थित एचडीएफसी के एटीएम बूथ से इन्हीं लुटेरों ने दो बार में 20 हजार रुपये निकाले थे। नरेंद्र ने तुरंत दोबारा पुलिस कंट्रोल रूम से संपर्क किया और शिंदे की छावनी के आगे वाले रूट पर नाकाबंदी करने के लिए बात की।

लुटेरों को घेर लिया
आखिर यह सक्रियता काम आई और पुरानी छावनी के निरावली तिराहे पर पुलिस ने इन लुटेरों को घेर लिया। दो लुटेरे अनीस खान और अल्ताफ खान को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जबकि इनके दो साथी मोहम्मद आसिफ और मोहम्मद जुबेर अभी फरार हैं। पुलिस पकड़े गए लुटेरों से पूछताछ कर रही है। इनसें 26 एटीएम कार्ड बरामद हुए हैं।
दिल्ली से आकर लूट की, मुंबई में ओला टैक्सी चलाते हैं लुटेरे
पकड़े गए दोनों लुटेरे निधयी पुरा, प्रताप गढ़,उत्तर प्रदेश हाल- ओखला, शाहीन बाग दिल्ली के रहने वाले हैं। इसमें से अनीस खान की दुकान है, जबकि इसके अन्य साथी मुंबई में रहकर ओला टैक्सी चलाते हैं। यह कार किसकी है। इस संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हो सकता है कि यह अन्य शहरों में भी इस तरह की वारदात कर आए हों। इस संबंध में पूछताछ की जा रही है।
डीएसपी ने कराई नाकाबंदी, ड्राइवर ने दिखाई सक्रियता
इस मामले में झांसी रोड थाने की गंभीर लापरवाही सामने आई है। डीएसपी मनीष यादव ने इस मामले में तुरंत नाकाबंदी करा दी। ड्राइवर ने भी सक्रियता दिखाई। नतीजन दो आरोपित पकड़ गए। अगर झांसी रोड थाने के स्टाफ पर निर्भर रहते तो यह लुटेरे शहर से बाहर भाग जाते और इन्हें पकड़ना आसान न होता।
क्योंकि इस घटना के कुछ देर बाद विवेकानंद नीडम पुल का उद्घाटन कार्यक्रम था। झांसी रोड थाने के स्टाफ का कहना था कि पुल के उद्घाटन के बाद एफआईआर करेंगे। इसके बाद नरेंद्र पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जनसुनवाई में शिकायत लेकर भी पहुंचा।
मकान बन रहा है, भुगतान के लिए निकाले थे रुपए : नरेंद्र पलिया

मेरे मकान का निर्माण कार्य चल रहा है। ठेकेदार को रुपए देने के लिए मैं रुपए निकालने गया था। 10 हजार रुपए निकाले और बाहर आ रहा था। एक लड़का पीछे खड़ा था। मुझे लगा कि उसे रुपए निकालने होंगे, लेकिन वह तो पासवर्ड देख रहा था। उसने अपने साथी बुलाए फिर तो धक्का-मुक्की कर रुपए व कार्ड छीना। मैं गाड़ी के सामनू आया तो लटकाकर ले गए। मैं लोगों से मदद मांग रहा था, बोला कि मुझे बचाओ लेकिन किसी राहगीर ने आगे आकर मदद नहीं की।







