सीमा सिंह शहडोल -: शहडोल की सोहागपुर पुलिस ने एक बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पकड़े गए तीन नाबालिग चोर 9वीं और 10वीं कक्षा के छात्र हैं। इनके कब्जे से सात चोरी की बाइक बरामद की गई हैं।
2 अप्रैल को नूर मोहम्मद की बाइक उनके घर की बाउंड्री के अंदर से चोरी हो गई। पुलिस ने जांच के दौरान एक संदिग्ध को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने चोरी में शामिल होना स्वीकार किया और बताया कि दो अन्य साथी और चोरी की बाइक छत्तीसगढ़ के गौरेला में हैं।
पुलिस ने गौरेला से दो अन्य आरोपियों को पकड़ा
गौरेला से पुलिस ने दो और आरोपियों को पकड़ा और सात बाइक बरामद कीं। इनमें एमपी 18 एमआर 3113, एमपी 18 एमके 4250, एमपी 18 जेडबी 6874, सीजी 13 ए0498 और तीन बिना नंबर की बाइक शामिल हैं।
आरोपी बोले- घर वालों ने नहीं दिलाई बाइक इसलिए की चोरी
पूछताछ में नाबालिगों ने बताया कि उन्हें स्कूल जाने के लिए बाइक चाहिए थी, लेकिन घर वाले नहीं दिला रहे थे। वे चोरी की बाइक से स्कूल जाते और घर पर दोस्तों की बाइक बताते थे। रोज अलग-अलग बाइक से स्कूल जाना उनका शौक बन गया था। तीनों आरोपियों को बाल न्यायालय में पेश कर बाल संप्रेषण गृह रीवा भेज दिया गया है।







