सीमा सिंह शहडोल -: शहडोल जिले के बुढार थाना क्षेत्र के विक्रमपुर गांव में एक आदिवासी परिवार के सूने घर को चोरों ने निशाना बनाया है। पीड़ित के घर से शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि सहित लाखों की चोरी हुई। पुलिस ने शनिवार को अपराध दर्ज कर जांच शुरू की है।
परिवार के साथ ससुराल गया था पीड़ित
पीड़ित प्रेमलाल बैगा अपने परिवार के साथ ससुराल धनपुरा गया हुआ था। उनकी बड़ी बेटी, जिसे घर में सोने को कहा गया था, पड़ोस में अपनी बड़ी मां के साथ सो गई। सुबह पड़ोसियों ने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ जमीन पर पड़ा है।
80 हजार रुपए समेत 3 लाख का सामान हुआ चोरी
प्रेमलाल ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि मिली थी। इस राशि से घर का बनवाना था। बैंक से निकाले गए 80 हजार रुपए अलमारी में रखे थे। चोरों ने यह पैसे और घर में रखे सोने-चांदी के जेवर चुरा लिए। कुल मिलाकर तीन लाख रुपए से अधिक की चोरी हुई है।
बुढार थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में पुलिस अब तक नाकाम रही है।







