सीमा सिंह शहडोल -: शहडोल जिले में सोहागपुर के खेतौली में सोन नदी में डूबे दो लोग लापता हो गए हैं। नागपुर (महाराष्ट्र) के रहने वाले सागर गुप्ता (34) और उनकी साली ईशा गुप्ता (20) पिकनिक मनाने के दौरान नदी में डूब गए। घटना बुधवार शाम करीब 6 बजे बताई जा रही है।
बताया गया कि सागर होली की छुट्टी में अपने ससुराल नरसराहा आए थे। वे अपनी साली और 6 अन्य रिश्तेदारों के साथ सोन नदी किनारे पिकनिक मनाने गए थे। खाना बनाने के बाद सभी नदी में नहाने गए। इसी दौरान सागर और ईशा गहरे पानी में चले गए।
तलाशी के लिए चलाया जा रहा रेस्क्यू अभियान
मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने दोनों को बचाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। घटना की सूचना डायल 100 को दी गई। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। नदी में अधिक पानी होने और रात के कारण बचाव कार्य में परेशानी आ रही है। एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंचकर तलाश में जुटी है।







