सीमा सिंह शहडोल -:पाकिस्तान में लोगों को यह बात बहुत बुरी लग रही है कि उनकी टीम के बाहर होने के बाद टीम इंडिया फाइनल में पहुंच गई है। यही कारण है कि चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल भी लाहौर में नहीं हो पा रहा है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को इसका आर्थिक नुकसान भी हुआ है।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच होगा फाइनल
9 मार्च, रविवार को खेला जाएगा मुकाबला
दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में होगा मैच
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के उपाध्यक्ष तीन दिन के पाकिस्तान दौरे पर हैं और बुधवार को उन्होंने लाहौर में पाकिस्तान मीडिया के सवालों के जवाब दिए।
इस दौरान पूछा गया कि क्या चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला खेलने के लिए भारतीय टीम लाहौर नहीं आ सकती है? इस पर राजीव शुक्ला ने कहा कि यह तो तब होता जब ऑस्ट्रेलियाई टीम भारत को हराती। चूंकि अब टीम इंडिया जीत गई है तो फाइनल तो दुबई में ही होगा।
‘फेयर – अनफेयर की बात नहीं, टीम इंडिया अपने दम पर खेलती है’
- इस दौरान एक पत्रकार ने पूछा कि टीम इंडिया अपने सभी मुकाबले एक ही जगह (दुबई) खेल रही है, जबकि बाकी टीमों को चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान यहां से वहां जाना पड़ा। यह बाकी टीमों के लिए अनफेयर नहीं है?
- राजीव शुक्ला ने कहा, ये कोई फेयर-अनफेयर की बात नहीं हैं। जब ये आईसीसी ने फैसला लिया था, तभी क्लियर हो गया था कि भारतीय टीम के सभी मुकाबले दुबई में होंगे। टीम इंडिया एक ही विकेट-पिच पर नहीं निर्भर रहती है। टीम इंडिया अपने दम पर खेलती है, अपने खिलाड़ियों के दम पर खेलती है।
- राजीव शुक्ला ने कहा कि पाकिस्तान में लंबे समय बाद आईसीसी का कोई इवेंट हुआ है और यह अच्छी बात है। इसके लिए पाकिस्तान में अच्छी तैयारियां भी की गई थीं। पाकिस्तान और दुबई में जिस तरह से ये मैच खेले गए, इससे ये पता चल रहा है कि ये सफल टूर्नामेंट रहा।
क्या भारत और पाकिस्तान के बीच होगी सीरीज?
पाकिस्तान पत्रकारों ने यह भी कहा कि अब क्यों नहीं भारत और पाकिस्तान के बीच किसी तीसरे देश में द्विपक्षीय सीरीज होना चाहिए? इस पर राजीव शुक्ला ने कहा कि द्विपक्षीय सीरीज को लेकर एक बात साफ है कि यह दोनों में से किसी एक देश में होगी। इसलिए तीसरे देश में सीरीज कराने का सवाल ही नहीं।
राजीव शुक्ला ने स्पष्ट किया कि भारतीय टीम को क्रिकेट खेलने के लिए पाकिस्तान नहीं भेजने का फैसला पूरी तरह से भारत की सरकार का है और बीसीसीआई उस फैसले को मानने के लिए बाध्य है।
बता दें, बीसीसीआई ने अपनी टीम को चैंपियंस ट्रॉफी खेलने के लिए पाकिस्तान भेजने से इनकार कर दिया था। इसके बाद लंबे समय तक जद्दोजहद चली और आखिरी में आईसीसी ने तय किया कि भारत को सभी मैच दुबई में होंगे, जबकि शेष टीमें पाकिस्तान में खेलेंगी।







