सीमा सिंह शहडोल प्रयागराज महाकुंभ मेला परिसर में एक बार फिर आग लग गई है। सेक्टर-8 में लगी आग पर दमकल कर्मियों ने काबू पा लिया है।
महाकुंभ में एक महीने में पांचवीं बार लगी आग…
- 19 जनवरी: सेक्टर 19 में गीता प्रेस के कैंप में आग लगी थी, हादसे में 180 कॉटेज जल गए।
- 30 जनवरी: सेक्टर 22 में आग लगी थी, जिसमें 15 टेंट जले थे।
- 7 फरवरी: सेक्टर-18 में आग लगी थी। हादसा शंकराचार्य मार्ग पर हुआ था, जिसमें 22 पंडाल जल गए।
- 15 फरवरी: सेक्टर 18-19 में आग लगी। इसे बुझा लिया गया है।
- 17 फरवरी: सेक्टर-8 में आग लगी। इस पर जल्द ही काबू पा लिया गया।
महाकुंभ में आज फिर जबरदस्त भीड़ है। दोपहर 2 बजे तक 92.50 लाख श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं। प्रयागराज के सभी 7 एंट्री पॉइंट जाम हो गए हैं। भीड़ के चलते दारागंज स्थित संगम स्टेशन को 26 फरवरी तक बंद कर दिया गया है। महाकुंभ में तैनात अफसरों की ड्यूटी 27 फरवरी तक बढ़ा दी गई है।
मेला क्षेत्र में वाहनों की एंट्री फिर से रोक दी गई है। सभी तरह के पास रद्द कर दिए हैं। प्रयागराज से गुजरने वाली 19 ट्रेनों का रूट बदला गया है। वाहनों को संगम से 10-12 किमी पहले बनाई गई पार्किंग में रोका जा रहा है, जिससे लोगों को संगम तक पैदल ही जाना पड़ रहा है।
काशी तमिल संगमम में काशी आए तमिलनाडु के मेहमान सोमवार को महाकुंभ पहुंचे। सभी ने एक साथ संगम में स्नान किया। आज महाकुंभ का 36वां दिन है। 13 जनवरी से अब तक 53.88 करोड़ श्रद्धालु संगम में डुबकी लगा चुके हैं।
3 तस्वीरें देखिए-



भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनोट आज महाकुंभ में रहेंगी और संगम में डुबकी लगाएंगी। इसके अलावा, गुजरात, महाराष्ट्र, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल के राज्यपाल भी संगम में स्नान करेंगे।
आज गंगा पंडाल में 8 घंटे में करीब 10 हजार लोग हैंड प्रिंटिंग का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाएंगे। रविवार को प्रयागराज-रीवा हाईवे पर 15 किमी लंबा जाम लग गया। लखनऊ, कानपुर और जौनपुर के रास्तों पर भी गाड़ियों की लंबी कतारें दिखीं। एयरपोर्ट पर भी यात्री जमीन पर बैठे और लेटे हुए नजर आए।
महाकुंभ में लगी भीषण आग, सेक्टर-8 की घटना
महाकुंभ से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है। सेक्टर-8 में आग लगी है। भीड़ को हटाया जा रहा है। एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड को अलर्ट कर दिया गया है। आग पर काबू पाने की कोशिशें की जा रही है। दमकल की कई गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। महाकुंभ में 30 दिन में आग की यह 5वीं घटना है।
3 तस्वीरें देखिए




युवकों की प्रार्थना- गंगा मइया BPSC दोबारा हो

बिहार से ग्रुप में आए युवकों ने संगम में डुबकी लगाई। उन्होंने प्रार्थना की- हे गंगा मइया अन्याय के खिलाफ हमें न्याय दिलाइए। हमारी अर्जी स्वीकार कीजिए मइया… BPSC एग्जाम दोबारा हो।
संगम की आज की तस्वीरें देखिए…



आज 10 बजे तक 58.13 लाख ने स्नान किया
प्रशासन के मुताबिक, महाकुंभ में 17 फरवरी को सुबह 10 बजे तक 58.13 लाख लोगों ने स्नान किया है। प्रशासन का अनुमान है कि आज भी स्नान करने वालों का आंकड़ा डेढ़ करोड़ पार कर सकता है।
प्रयागराज से गुजरने वाली 19 ट्रेनें डायवर्ट
महाकुंभ में बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे ने 19 ट्रेनों का रूट डायवर्जन कर दिया है। ये ट्रेनें पहले प्रयागराज या छिवकी स्टेशन से होकर गुजरती थीं, लेकिन अब इन्हें अन्य मार्गों से भेजा जा रहा है। उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी ने यह जानकारी दी।







