सीमा सिंह,शहडोल-

दिल्ली चुनाव के लिए भाजपा नेता अनुराग ठाकुर ने संकल्प पत्र का दूसरा भाग जारी किया। उन्होंने दिल्ली भाजपा के ऑफिस में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा- सत्ता में आने पर UPSC और राज्य सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को 15000 रुपए की सहायता देगी।
इसके अलावा, ऑटो-टैक्सी चालक कल्याण बोर्ड बनाएगी, चालकों को 10 लाख रुपए का जीवन बीमा और 5 लाख रुपए का दुर्घटना बीमा देगी। साथ ही दिल्ली के सरकारी शिक्षण संस्थानों में दिल्ली के जरूरतमंद छात्रों को KG से PG तक मुफ्त शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।
भाजपा के संकल्प पत्र को लेकर केजरीवाल ने कहा- भाजपा के दोनों संकल्प पत्र सिर्फ दिल्ली के लिए ही नहीं बल्कि देश के लिए खतरनाक है। यह बात भाजपा ने भी कबूल ली है। उन्होंने सीधे ऐलान कर दिया है कि वे दिल्ली के मोहल्ला क्लिनिक बंद कर देंगे और दिल्ली के सरकारी स्कूलों में मिलने वाली फ्री शिक्षा भी बंद कर देंगे।
केजरीवाल ने कहा- मैंने तो पहले ही कहा था कि भाजपा दिल्ली का चुनाव केवल और केवल दिल्ली में लोगों को मिलने वाली सभी योजनाओं को बंद करने के लिए लड़ रही है। ये लोग फ्री बिजली, पानी और महिलाओं की फ्री बस यात्रा भी बंद कर देंगे।

दिल्ली विधानसभा चुनाव- कुल 699 कैंडिडेट मैदान में
दिल्ली में 5 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव में कुल 699 उम्मीदवार 70 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। 20 जनवरी को नाम वापस लेने की अंतिम तिथि थी।
चुनाव आयोग (ईसी) की वेबसाइट के अनुसार, 1,522 उम्मीदवारों ने चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया था। नई दिल्ली सीट पर आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता अरविंद केजरीवाल के खिलाफ 22 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
भाजपा सांसद बोले- केजरीवाल को बुनियादी ज्ञान भी नहीं
अरविंद केजरीवाल के रामायण वाले बयान पर भाजपा सांसद हर्ष मल्होत्रा ने कहा- अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया शिक्षा की बात करते हैं, लेकिन क्या उन्हें (अरविंद केजरीवाल) बुनियादी ज्ञान भी नहीं है। मैं सिर्फ अरविंद केजरीवाल से पूछना चाहता हूं कि पिछले 10 सालों में दिल्ली में किए गए विकास कार्यों पर उनका क्या कहना है।
अलका बोलीं- कालकाजी के लोग बदलाव चाहते हैं
कालकाजी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार अलका लांबा ने कहा कि धीरे-धीरे मेरा विश्वास मजबूत होता जा रहा है कि कालकाजी के लोग बदलाव चाहते हैं। कालकाजी के लोग भाजपा और AAP से तंग आ चुके हैं।
अलका ने कहा- मुझे लोगों का पूरा सहयोग और समर्थन मिल रहा है। हम हर घर में छोटी-छोटी बैठकों के जरिए महिलाओं और लोगों से जुड़ने की कोशिश कर रहे हैं।
2 पार्षदों सहित 4 AAP नेता भाजपा में शामिल

आम आदमी पार्टी के दो नगर निगम पार्षदों समेत चार नेता मंगलवार को भाजपा में शामिल हुए। इसमें भजनपुरा से निगम पार्षद रेखा रानी और ख्याला से पार्षद शिल्पा कौर शामिल हैं।
इनके अलावा घोंडा से पूर्व विधायक श्रीदत्त शर्मा और आप सांसद संजय सिंह के संसदीय प्रतिनिधि चौधरी विजेंद्र भी भाजपा नेता हर्ष मल्होत्रा, मनोज तिवारी और कमलजीत सहरावत की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुए।
मनोज तिवारी बोले- केजरीवाल चुनावी हिंदू, उनका सनातन से कोई संबंध नहीं

केजरीवाल के रामायण पर दिए गए बयान पर भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा- मैं उनके बयान से बिल्कुल भी हैरान नहीं हूं। हम जानते हैं कि चुनाव के दौरान अरविंद केजरीवाल चुनावी हिंदू बनने की कोशिश करते हैं।
तिवारी ने कहा कि केजरीवाल जो कुछ भी कहा उससे साबित होता है कि उनका हिंदू धर्म और सनातन से कोई संबंध नहीं है।
भाजपा नेता प्रदीप भंडारी ने कहा- जनता के सामने केजरीवाल का चुनावी हिंदू चेहरा उजागर हो गया

केजरीवाल के रामायण वाले बयान पर बीजेपी नेता प्रदीप भंडारी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल एक चुनावी हिंदू हैं। तुष्टिकरण उनकी और उनके बॉस राहुल गांधी की रगों में है। उन्हें रामायण का बहुत कम ज्ञान है और वे इसका सही से पाठ भी नहीं कर सकते।
प्रदीप ने कहा- केजरीवाल ने कहा था कि दिल्ली की सारी जमीन वक्फ को दे दी जानी चाहिए। दिल्ली और देश की जनता के सामने केजरीवाल का चुनावी हिंदू चेहरा उजागर हो गया है।
केजरीवाल बोले- सीता हरण के लिए रावण सोने का हिरण बनकर आया, भाजपा बोली- शीशमहल के सोने से बाहर आओ

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को विश्वास नगर में चुनावी रैली के दौरान रामायण की गलत व्याख्या कर दी। उन्होंने कहा- भगवान राम खाने का इंतजाम करने जंगल में गए थे। माता सीता को झोपड़ी में छोड़कर, लक्ष्मण से उनकी रक्षा करने को कहा। इस बीच रावण सोने का हिरण बनकर आया।
केजरीवाल ने आगे कहा कि सीता माता ने लक्ष्मण से कहा कि हिरण लाओ। लक्ष्मण मना करते रहे, लेकिन माता के आदेश पर उन्हें जाना पड़ा। इसके बाद रावण ने सीता का हरण कर लिया।
दरअसल, रामायण में सीता के हरण के लिए हिरण का रूप राक्षस मारीच ने लिया था, रावण ने नहीं। सीता ने हिरण लाने के लिए लक्ष्मण से नहीं, बल्कि राम से कहा था।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र ने कहा कि केजरीवाल ने सीता हरण के प्रसंग की गलत व्याख्या की और कहा कि रावण सोने का हिरण बनकर आया था। ये अभी तक शीशमहल के गोल्ड सोने से बाहर नहीं आए हैं। रामायण की गलत व्याख्या के लिए आज हम क्षमा मांगने के लिए दिनभर उपवास करेंगे।
भाजपा का वादा- ऑटो चालकों के लिए बनाएंगे वेलफेयर बोर्ड
अनुराग ठाकुर ने कहा है कि सत्ता में आने पर UPSC और राज्य सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को 15000 रुपए की सहायता देगी।
इसके अलावा, ऑटो-टैक्सी चालक कल्याण बोर्ड बनाएगी, चालकों को 10 लाख रुपए का जीवन बीमा और 5 लाख रुपए का दुर्घटना बीमा देगी।
भाजपा के संकल्प पत्र का दूसरा भाग- इसमें जरूरतमंद छात्रों को केजी टु पीजी फ्री एजुकेशन का वादा
भाजपा ने दूसरा चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया है। इसमें कहा गया है कि सत्ता में आने पर पार्टी दिल्ली के जरूरतमंद छात्रों को केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा उपलब्ध कराएगी। साथ ही दिल्ली में पॉलिटेक्निक और स्किल सेंटर्स में से अनुसूचित जाति के छात्रों को 1000 रुपए मंथली देने के लिए अंबेडकर स्टाइपेंड स्कीम शुरू करेगी।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि सत्ता में आने पर 10 लाख रुपए का जीवन बीमा और घरेलू सहायकों को 5 लाख रुपए का दुर्घटना बीमा दिया जाएगा। साथ ही AAP सरकार की अनियमितताओं और घोटालों की SIT जांच भी कराई जाएगी।
भाजपा के संकल्प पत्र का दूसरा भाग आज रिलीज होगा
दिल्ली चुनाव के लिए भाजपा अपने संकल्प पत्र का दूसरा भाग आज रिलीज करेगी। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने संकल्प पत्र का पहला भाग 17 जनवरी को रिलीज किया था। इसमें महिलाओं को हर महीने 2500 रुपए, गरीब महिलाओं को सिलेंडर पर 500 रुपए की सब्सिडी देने का वादा किया। होली-दीवाली पर एक-एक मुफ्त सिलेंडर देने का भी ऐलान किया।
भाजपा ने 68 सीटों पर उम्मीदवार उतारे, एक-एक सीट JDU-LJP के लिए
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने 16 जनवरी को अपनी चौथी लिस्ट जारी कर दी। इस लिस्ट में 9 उम्मीदवारों की घोषणा की गई थी। भाजपा ने अपनी कुल चार लिस्ट में 68 सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं, जबकि एक-एक सीट सहयोगी पार्टी JDU और LJP (रामनिवास) के लिए छोड़ी है।







