श्रेया न्यूज़ शहडोल सीमा सिंह :- शहडोल जिले के धनपुरी थाना क्षेत्र में सट्टा पर्ची को लेकर हुए विवाद में एक अधेड़ व्यक्ति पर हमला किया गया। लोहे की रॉड से किए गए इस हमले में अधेड़ का सिर फट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, धनपुरी के पुराने थाने के पास कच्छी मोहल्ला निवासी गंगा सिंह किराना दुकान पर सामान लेने गए थे। वहां उन्होंने दुकान संचालक संतोष गुप्ता से पूछा कि क्या वह सट्टा पर्ची काटते हैं। इस बात पर संतोष गुप्ता और उनके भतीजे आदित्य गुप्ता ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
विवाद बढ़ने पर संतोष गुप्ता और आदित्य गुप्ता ने गंगा सिंह पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में गंगा सिंह के सिर में गंभीर चोट आई और शरीर के कई हिस्सों में भी घाव हुए।
घायल अवस्था में गंगा सिंह ने धनपुरी थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी संतोष गुप्ता और आदित्य गुप्ता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(ए), 115(2), 351(3), 324(4) एवं 3 (5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में सट्टा और अन्य अवैध कारोबार खुलेआम चल रहे हैं, जिसके कारण आए दिन झगड़े और ऐसी घटनाएं सामने आती हैं। लोगों ने प्रशासन से इन गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनी रहे।
इस पूरे मामले में धनपुरी थाना प्रभारी खेम सिंह पेंद्रो ने बताया कि मारपीट का एक मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर पड़ताल की जा रही है।







