श्रेया न्यूज़ शहडोल सीमा सिंह :- हादसे के वक्त सड़क किनारे खड़ी ट्रक में न तो कोई रिफ्लेक्टर लगा था और न ही चेतावनी के संकेत बोर्ड। इससे आने-जाने वाले वाहनों को खड़े वाहन का अंदाजा नहीं हो पाया। सड़क किनारे खड़ी एक मिनी डग्गी (407 ट्रक) में तेज रफ्तार मोटरसाइकिल के जा घुसने से बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई।
शहडोल-उमरिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसे में घुनघुटी निवासी युवक की मौत हो गई। यह हादसा पाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत घुनघुटी चौकी के पास मदारी ढाबा के समीप हुआ। सड़क किनारे खड़ी एक मिनी डग्गी (407 ट्रक) में तेज रफ्तार मोटरसाइकिल के जा घुसने से बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी लगते ही घुनघुटी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से शव को पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पंचनामा कार्यवाही के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और परिजनों को सूचित किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के वक्त सड़क किनारे खड़ी ट्रक में न तो कोई रिफ्लेक्टर लगा था और न ही चेतावनी के संकेत बोर्ड। इससे आने-जाने वाले वाहनों को खड़े वाहन का अंदाजा नहीं हो पाया। लोगों का कहना है कि इसी लापरवाही के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
घुनघुटी निवासी गोलू यादव इलाके में दूध सप्लाई का काम करता था और अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसकी मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पाली थाना प्रभारी ने बताया कि खड़ी ट्रक को जब्त कर लिया गया है और वाहन चालक की तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि ट्रक को बिना किसी संकेत के सड़क किनारे खड़ा किया गया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह हादसा एक बार फिर इस बात की याद दिलाता है कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर लापरवाही से खड़े वाहन कितने जानलेवा साबित हो सकते हैं। यदि ऐसे वाहनों पर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो सड़क सुरक्षा के तमाम दावे केवल कागजों तक ही सीमित रह जाएंगे।







