श्रेया न्यूज़ शहडोल सीमा सिंह :- जयसिंहनगर क्षेत्र में 18 जंगली हाथियों का झुंड फसलों को भारी नुकसान पहुंचा रहा है। देवरा, कतिरा और जमुनिहा गांवों में अब तक करीब 10 एकड़ फसलें बर्बाद हो चुकी हैं। ग्रामीणों में दहशत है। वन विभाग की टीमें निगरानी में जुटी हैं, पर अभी ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
ब्यौहारी के बाद अब नए हाथियों ने जयसिंहनगर में अपनी दस्तक दे दी है। 18 हाथियों का झुंड ग्रामीण किसानों की फसलों को तबाह कर रहा है। बीते कुछ दिनों से जयसिंहनगर क्षेत्र के कई गांव में हाथियों ने अपना तांडव मचा रखा है, वन विभाग की कई टीमें हाथियों की निगरानी कर रही है। यह हाथी कहां से आए हैं, अभी विभाग ने इसकी पुष्टि नहीं की है। लेकिन यह पूरा क्षेत्र बांधवगढ़ जंगल से जुड़ा हुआ है।
जयसिंहनगर वन परिक्षेत्र के देवरा, कतिरा, जमुनिहा गांव में यह हाथियों का झुंड घूम रहा है। ग्रामीणों के अनुसार हाथियों के झुंड में 18 हाथी शामिल हैं। खेत में लगी कई एकड़ की फसलों को हाथियों ने बर्बाद किया है। गांवों के आसपास रह रहे लोगों में काफी डर का माहौल है। खेम सिंह स्थानीय किसान ने बताया कि रात में यह हाथी जंगल से निकल कर खेतों में आ जाते हैं और खेतों में लगी फसलों को खाते हैं।
जयसिंहनगर में हाथी धान के फसलों को पूरी तरह रौदतें हुए धान के बालियों को सुड़क लेता है, जिससे किसान बेहद परेशान नजर आ रहे हैं। वन विभाग की ओर से हाथियों को खदेड़ने के लिए,कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। इससे ग्राम वासियों एवं किसानों में बेचैनी का माहौल निर्मित हो रहा है। इस संबंध में जब वन परिक्षेत्र अधिकारी दिनेश पटेल से संपर्क करना चाहा तो उनसे संपर्क ना हो सका।







