श्रेया न्यूज़ सीमा सिंह शहडोल -: सतना में स्मार्ट मीटर कंपनी के कर्मचारी सनी कुशवाहा को बगहा बायपास से किडनैप कर नशीली गोली खिलाई गई, मारपीट की गई और मोबाइल व नकदी लूट ली गई। आरोपियों ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जो वायरल हो गया। पुलिस ने जांच शुरू की और सिटी कोतवाली में प्रकरण दर्ज किया गया है।
सतना। सतना शहर में दिनदहाड़े एक युवक को अगवा कर बेरहमी से पीटने और उससे मोबाइल व नकदी लूटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित युवक स्मार्ट मीटर लगाने वाली एक निजी कंपनी में कार्यरत है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और देर शाम सिटी कोतवाली में प्रकरण दर्ज किया गया।
बगहा बायपास से उठा ले गए बदमाश
पीड़ित सनी कुशवाहा (23), निवासी मुख्त्यारंज, ने बताया कि 12 अक्टूबर की सुबह कुछ असामाजिक तत्वों ने उसे बगहा बायपास से जबरन अगवा कर लिया। आरोपी उसे व्यंकटेश मंदिर के पास ले गए, जहां गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और नशीली गोली खिला दी। बताया गया कि आरोपियों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वायरल फुटेज में पांच से छह युवक पीड़ित के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।
फिर लूटा मोबाइल और नकदी
अगले दिन जब सनी रेलवे स्टेशन की ओर जा रहा था, तभी वही आरोपी फिर से सामने आ गए और उसका मोबाइल व नकदी छीन ली।
पुलिस ने शुरू की जांच
वीडियो वायरल होने के बाद सिविल लाइन और कोतवाली पुलिस ने घटनाक्रम की जांच शुरू की। थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि पीड़ित से बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। देर शाम प्रकरण स्पष्ट होने पर अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है।







