श्रेया न्यूज़ सीमा सिंह शहडोल -: शहडोल जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र के बरहा गांव में सोमवार दोपहर एक तालाब में नहाते समय मां और बेटी की डूबने से मौत हो गई। यह घटना अमृत सरोवर तालाब में हुई, जब महिला अपनी 13 वर्षीय पुत्री के साथ नहाने गई थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार आशिया खान अपनी मां तरनूम और सहेलियों के साथ तालाब में नहा रही थी। अचानक आशिया गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। बेटी को डूबते देख मां तरनूम उसे बचाने के लिए गहरे पानी में कूद गईं, जिससे वह भी डूबने लगीं।
तालाब में मौजूद अन्य लोगों ने तरन्नुम को किसी तरह बाहर निकाल लिया, लेकिन आशिया को बचाने के सभी प्रयास विफल रहे। तरनूम की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें तुरंत जयसिंहनगर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। बेटी आशिया का शव घटना के कुछ समय बाद पुलिस और ग्रामीणों की मदद से तालाब से बाहर निकाला गया।
पुलिस ने बताया कि आशिया खान, जो मझौली निवासी मुबारक की पुत्री थी, अपनी मां के साथ अपनी नानी के घर बरहा घूमने आई थी। गोहपारू पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी है।







