श्रेया न्यूज़ सीमा सिंह शहडोल -: MP News: जबलपुर में अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला भाजपा के सुभाषचंद्र बोस मंडल अध्यक्ष अमित राय की मां अनुसुईया राय के साथ हुई चेन स्नैचिंग की घटना है। यह वारदात जयप्रकाश नगर दुर्गा मंदिर के पास शुक्रवार सुबह घटी, जब अनुसुईया राय मंदिर में दर्शन करने गई थीं।
जबलपुर। शहर में आपराधिक तत्वों के हौसले कितने बुलंद हैं, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि अब भाजपा के मंडल अध्यक्ष के परिवार को भी लूट का शिकार होना पड़ रहा है। शुक्रवार सुबह सुभाषचंद्र बोस मंडल के अध्यक्ष अमित राय की मां अनसूइया राय के साथ उनके घर के समीप ही जय प्रकाश नगर दुर्गा मंदिर के पास चेन लूट की वारदात हुई। इस घटना से क्षेत्र में रोष व्याप्त हो गया।
यह घटना सुबह लगभग 6.30 बजे हुई। अनसूइया प्रतिदिन की तरह अपने जय प्रकाश नगर स्थित आवास के पास बने दुर्गा मंदिर में दर्शन के लिए गई थीं। जैसे ही वह मंदिर के पास पहुँचीं, मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात बदमाश अचानक उनके सामने आए।
मौका देखते ही दोनों लुटेरों ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन खींच ली और पलक झपकते ही फरार हो गए। महिला शोर मचाने पर आस-पास के लोग इकट्ठा हुए, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना स्वजन को दी गई। दिन दहाड़े हुई इस घटना से नाराज भाजपा नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में अधारताल थाने पहुँचे।
मामले में भाजपा मंडल अध्यक्ष की ओर से शिकायत पंजीबद्ध कराई गई है। पुलिस अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई करने और लुटेरों को गिरफ्तार करने की मांग की।







