श्रेया न्यूज़ द्रोपती धुर्वे शहडोल ;- रीवा-महू स्पेशल ट्रेन 27 सितंबर से शुरू होगी, जो दोनों दिशाओं में पांच-पांच फेरे लगाएगी। यह ट्रेन रीवा से शनिवार को रात 10:20 बजे चलेगी और रविवार को दोपहर 3:05 बजे महू पहुंचेगी। वापसी में, महू-रीवा स्पेशल ट्रेन रविवार को रात 9:20 बजे चलेगी और सोमवार को दोपहर 1:30 बजे रीवा पहुंचेगी।
इंदौर। यात्रियों की मांग एवं सुविधा को ध्यान में रखकर और त्योहारी सीजन के दौरान ट्रेनों में अतिरिक्त भीड़ को समायोजित करने के लिए रीवा-महू (डॉ. आंबेडकर नगर) स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में पांच-पांच फेरे लगाएगी। रीवा-महू स्पेशल 27 सितंबर से 25 अक्टूबर तक रीवा से प्रति शनिवार को चलेगी। ट्रेन शनिवार को रीवा से रात 10.20 बजे चलकर रविवार दोपहर 3.05 बजे महू पहुंचेगी।
ट्रेन रविवार सुबह सीहोर 10.05 बजे, शुजालपुर 11.05 बजे, मक्सी 11.50 बजे, देवास दोपहर 1.21 बजे व इंदौर दोपहर 2.15 बजे पहुंचेगी। इसी प्रकार वापसी में महू-रीवा स्पेशल 28 सितंबर से 26 अक्टूबर तक प्रति रविवार को चलेगी। ट्रेन महू से रविवार रात 9.20 बजे चलेगी और सोमवार दोपहर 1.30 बजे रीवा पहुंचेगी। ट्रेन इंदौर रात 9.45 बजे, देवास 10.30 बजे, मक्सी 11.30 बजे, शुजालपुर 12.25 बजे व सीहोर 1.12 बजे पहुंचेगी।
इन स्टेशनों पर दिया जाएगा ठहराव
इस ट्रेन का दोनों दिशाओं में सतना, मैहर, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, गाडरवारा, पिपरिया, इटारसी, नर्मदापुरम, रानी कमलापति, भोपाल, संत हिरदाराम नगर, सीहोर, शुजालपुर, मक्सी, देवास एवं इंदौर रेलवे स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है। यह ट्रेन सेकंड एसी, थर्ड एसी, थर्ड एसी इकोनामी, स्लीपर एवं सामान्य श्रेणी कोच के साथ चलेगी। महू-रीवा स्पेशल ट्रेन में टिकटों की बुकिंग 28 अगस्त से सभी यात्री आरक्षण केंद्रों एवं आईआरसीटीसी वेबसाइट पर आरंभ होगी।







