श्रेया न्यूज़ सीमा सिंह शहडोल -: उमरिया में सड़क हादसे में 32 साल के युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई थी।
उमरिया जिले के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत घुनघुटी चौकी के पास मंगलवार रात हुए सड़क हादसे में सिंगल टोला निवासी 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल पत्नी को ग्रामीणों की मदद से अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि घुनघुटी इलाके में यह कोई पहली घटना नहीं है। इस मार्ग पर ढाबों के आसपास हमेशा कई ट्रक खड़े रहते हैं। इन वाहनों के कारण सामने से आने वाले वाहन चालकों को सड़क ठीक से दिखाई नहीं देती। शाम और रात में भारी वाहनों की तेज हेडलाइट से छोटे वाहन चालकों की आंखें चौंधिया जाती हैं। ऐसे में किनारे खड़े ट्रक साफ नजर नहीं आते और दुर्घटनाएं हो जाती हैं। मंगलवार की घटना भी इन्हीं कारणों से हुई मानी जा रही है। घुनघुटी चौकी प्रभारी कोमल दिवान ने बताया कि हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी। मृतक की पत्नी को गंभीर हालत में शहडोल रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही ह
परिवार में पसरा मातम
सिंगल टोला निवासी रवि सोनी की असमय मौत की खबर मिलते ही पूरे मोहल्ले में मातम छा गया। घर में कोहराम मच गया है और परिजन बदहवास हैं। परिचित और रिश्तेदार यह हादसा सुनकर स्तब्ध रह गए। लोग इसे प्रशासनिक लापरवाही का नतीजा बता रहे हैं और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।







