श्रेया न्यूज़ सीमा सिंह शहडोल -: प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों युवक बाइक को बेहद तेज रफ्तार में चला रहे थे और बीच सड़क पर स्टंट कर रहे थे। स्टंट के दौरान बाइक अचानक असंतुलित हुई और सगरा मंदिर चौक के पास बने डिवाइडर से जोरदार टक्कर हो गई।
शहर के सगरा मंदिर चौक के पास रविवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो युवक पल्सर बाइक से तेज रफ्तार में स्टंट कर रहे थे, तभी बाइक अनियंत्रित होकर सीधे डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। तुरंत कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवकों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। हादसे में घायल युवकों की पहचान उमरिया के स्टेट बैंक क्षेत्र निवासी के रूप में हुई है, हालांकि नाम की पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला नशे में तेज रफ्तार से बाइक चलाने और लापरवाहीपूर्वक स्टंट करने का लग रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने भी इस बात की पुष्टि की कि युवक शराब के नशे में थे और लापरवाहीपूर्वक बाइक चला रहे थे। पुलिस ने बाइक को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि शहर में तेज रफ्तार और स्टंटबाजी पर सख्ती से रोक लगाई जाए। ऐसे हादसे लगातार बढ़ते जा रहे हैं, जिससे न सिर्फ स्टंट करने वाले, बल्कि राह चलते लोगों की जान को भी खतरा होता है। पुलिस ने भी भरोसा दिलाया है कि मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी और यदि युवक नशे की हालत में पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







