श्रेया न्यूज़ सीमा सिंह शहडोल -: अगस्त में दो सुपर वीकेंड की प्लानिंग कर रहे हैं? रक्षाबंधन शनिवार को है और अगले दिन रविवार है, जबकि स्वतंत्रता दिवस शुक्रवार को है और इसके बाद शनिवार और रविवार की छुट्टियाँ हैं। आप अपने परिवार और दोस्तों के साथ इन दिनों का आनंद ले सकते हैं। मथुरा, ओरछा, खजुराहो जैसे धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों की यात्रा कर सकते हैं।
ग्वालियर। अगस्त माह में दो सुपर वीकेंड मिलने वाले हैं। इसके लिए लोगो ने प्लानिंग शुरू कर दी है। इस बाद रक्षाबंधन शनिवार को है, अगले दिन रविवार है। इसके चलते लोग सेलिब्रेशन के लिए विशेष प्लानिंग कर रहे हैं। वहीं स्वतंत्रता दिवस शुक्रवार को है। इसके बाद शनिवार और फिर रविवार…यानी तीन दिन की छुट्टियाँ। स्वतंत्रता दिवस के अगले ही दिन कृष्ण जन्माष्टमी है।
इस दिन छुट्टी मिलने की वजह से अगले वीकेंड को मथुरा में मनाने की प्लानिंग लोगों ने कर ली है। सबसे ज़्यादा बुकिंग मथुरा की हुई हैं। इसके अलावा भी कई धार्मिक स्थलों के लिए लोगों ने जाने की प्लानिंग की है। इसकी वजह है- अगले दिन जन्माष्टमी। ग्वालियर से कई लोग ओरछा जाने की भी तैयारी कर रहे हैं।

भले ही यहाँ रामराजा सरकार का मंदिर है लेकिन कृष्ण जन्माष्टमी भव्य मनाई जाती है। अगर आपने अब तक सुपर वीकेंड की प्लानिंग नहीं की है तो इस खबर को पढ़ लीजिए…हम बताएंगे, आप कहां मना सकते हैं छुट्टियां। आसपास के ऐसे स्थान और अगर शहर में ही रहकर वीकेंड को एंजाय करना है तब भी हैं भरपूर आप्शन।
यहां की हुई बुकिंग
मथुरा में जन्माष्टमी से पहले ही देशभर से श्रद्धालु पहुंचना शुरू हो जाते हैं। इसके लिए एडवांस बुकिंग जरूरी है। क्योंकि जन्माष्टमी से दो से तीन दिन पहले ही सारे होटल, होम स्टे फुल हो जाते हैं। सामान्य दिनों में वृंदावन, गोवर्धन और बरसाना में भीड़ होती है, लेकिन जन्माष्टमी पर मथुरा में जन्मभूमि से लेकर गोकुल तक में भीड़ होती है। यहां पहले से होटल में बुकिंग करने के बाद 15 अगस्त को ग्वालियर से निकला जा सकता है। फिर जन्माष्टमी और अगले दिन सारे प्रसिद्ध मंदिरों में दर्शन किए जा सकते हैं।

ऐसा भी कर सकते हैं
पहले दिन आगरा घूमने के बाद जन्माष्टमी पर सुबह मथुरा पहुंचे और फिर अगले दो दिन मथुरा में रहकर भगवान कृष्ण की भक्ति में लीन रहें।
ओरछा, खजुराहो : इस समय बारिश अच्छी होने के चलते चारों तरफ प्राकृतिक सौंदर्य बिखरा पड़ा है। ऐसे में ओरछा, फिर यहां से खजुराहो जाया जा सकता है।
रक्षाबंधन : अपनों के साथ शहर में ही बिताएं दो दिन
रक्षाबंधन के बाद अगले दिन भी अवकाश है। रक्षाबंधन शनिवार को है, अगले दिन रविवार है। ऐसे में अपनों के बीच शहर में ही खूब एंजाय किया जा सकता है। रविवार को शहर के स्थानीय पिकनिक स्पाट को एक्सप्लोर किया जा सकता है। तिघरा, भदावना, धूमेश्वर ऐसे पर्यटन स्थल हैं। जहां चारों तरफ प्राकृतिक सौंदर्य भरपूर है।
स्वतंत्रता दिवस पर पहले वार-2 देखें, फिर करें खरीदारी, अगले दिन मनाएं जन्माष्टमी
स्वतंत्रता दिवस पर ऋतिक रोशन की फिल्म वार-2 की सबसे ज्यादा धूम रहेगी। लोगों को इसका बेसब्री से इंतजार है। पहले फिल्म देखें, फिर खरीदारी करें। क्योंकि स्वतंत्रता दिवस सेल शॉपिंग माल्स से लेकर शहर के सभी ब्रांडेड आउटलेट पर शुरू हो गई है। अगले दो दिन स्थानीय पिकनिक स्पाट, मंदिरों को एक्स्प्लोर किया जा सकता है। जन्माष्टमी पर गोपाल मंदिर, सनातन धर्म मंदिर, राम मंदिर में उत्सव मनाया जाता है।









