श्रेया न्यूज़ द्रोपती धुर्वे शहडोल ;- MP News: संस्कारधानी जबलपुर में स्वच्छता महोत्सव का आयोजन किसी त्योहार से कम नहीं रहा। शहर दीपोत्सव की तरह रोशन हुआ और हर गली-मोहल्ले में स्वच्छता को लेकर उत्साह देखा गया। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने मां नर्मदा की पूजा-अर्चना कर इस आयोजन की शुरुआत की।
जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में स्वच्छता महोत्सव का आयोजन किसी त्योहार से कम नहीं रहा। शहर दीपोत्सव की तरह रोशन हुआ और हर गली-मोहल्ले में स्वच्छता को लेकर उत्साह देखा गया। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने मां नर्मदा की पूजा-अर्चना कर इस आयोजन की शुरुआत की। महोत्सव में अधिवक्ता, चिकित्सक, छात्र-छात्राएं और शहर के अन्य नागरिकों ने हाथों में झाड़ू उठाकर स्वच्छता का संदेश दिया।
इस आयोजन के तहत समाज के हर वर्ग ने हिस्सा लिया और करीब 50 हजार से ज्यादा लोगों ने स्वच्छता की शपथ ली। महापौर के साथ एमआईसी सदस्य, पार्षदगण और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी शामिल हुए। रंग-बिरंगी रंगोली और बलून से सजे स्थानों ने आयोजन को आकर्षक रूप दिया।
शहरभर में हुए आयोजन
स्वच्छता महोत्सव के अंतर्गत एमएलबी स्कूल, स्टेमफील्ड स्कूल, गौरीघाट, भंवरताल, मेडिकल कॉलेज, होटल्स, रानी दुर्गावती कॉलेज, हाईकोर्ट परिसर, विजय नगर, एकता चौक जैसे प्रमुख स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। मेट्रो बसों में सफर कर रहे यात्रियों ने भी शपथ ली, जिससे पूरे शहर में स्वच्छता को लेकर उत्सव जैसा माहौल बन गया।
होटल, ज्वेलरी स्टोर्स, फर्नीचर शोरूम और बिल्डर्स के ऑफिस में 5% से 12% तक की छूट दी गई। इसका लाभ उठाने के लिए ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कई लोगों ने स्वच्छता महोत्सव को यादगार बनाने के लिए अपने परिवारजनों को उपहार भी दिए।
महापौर अन्नू ने कहा कि संस्कारधानी के नागरिकों ने जो उत्साह दिखाया, उससे निश्चित रूप से हम स्वच्छता रैंकिंग में देशभर में पहले स्थान पर आएंगे। उन्होंने नागरिकों, अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, मेयर इन काउंसिल सदस्य रजनी साहू, डॉ. सुभाष तिवारी, विवेकराम सोनकर, पार्षद लवलीन आनंद, मालती चौधरी, स्वास्थ्य अधिकारी अंकिता बर्मन सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।







