SUBSCRIBE NOW

Home » जिला समाचार » Shahdol News: खेत में रोपा लगा रहे थे माता-पिता, तभी पानी से भरे गड्ढे में डूबा जिगर का टुकड़ा; मौत से कोहराम

Shahdol News: खेत में रोपा लगा रहे थे माता-पिता, तभी पानी से भरे गड्ढे में डूबा जिगर का टुकड़ा; मौत से कोहराम

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

    श्रेया न्यूज़ सीमा सिंह शहडोल -:    Shahdol News: पुलिस ने बताया कि पानी में डूबने से बालक की मौत हुई है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
Shahdol News: Parents were planting saplings in field, then son died due to drowning in pit filled with water
इसी गड्ढे डूबने से हुई बालक की मौत

 

शहडोल जिले में खेत में काम कर रहे माता-पिता की आंखों के सामने से उनका इकलौता बेटा हमेशा के लिए चला गया। यह घटना जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के चंदेला गांव की है, जहां एक 11 वर्षीय बालक की पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। मासूम अंकित के माता-पिता खेत में रोपा लगाने में व्यस्त थे और वह वहीं पास में खेल रहा था। अचानक वह खेलते-खेलते एक गहरे गड्ढे के पास चला गया, जिसमें लगभग आठ फीट पानी भरा था और वहीं डूब गया।

खेलते-खेलते गड्ढे तक पहुंचा अंकित, फिर नहीं लौटा
घटना गुरुवार की बताई जा रही है। मृतक बालक अंकित, रामकुमार रैदास का पुत्र था। रामकुमार अपनी पत्नी के साथ खेत में रोपा लगाने गया था और अंकित भी उनके साथ ही खेत आया था। माता-पिता जब खेत के काम में व्यस्त थे, तभी अंकित खेत के पास ही एक नए निर्माणाधीन मकान के लिए खोदे गए गड्ढे के पास खेलने चला गया, जिसमें पिछले दिनों की बारिश से पानी भर गया था।

जब काफी देर तक अंकित नजर नहीं आया, तो पिता रामकुमार ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास खोजबीन के दौरान उस गड्ढे के पास अंकित की चप्पल दिखाई दी। अनहोनी की आशंका होते ही रामकुमार और अन्य ग्रामीणों ने पानी में खोजबीन शुरू की और अंततः अंकित का शव बाहर निकाला गया।

गांव में पसरा मातम, परिवार गहरे सदमे में
घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि अंकित हंसमुख और चंचल स्वभाव का बच्चा था, जिसकी अचानक इस तरह मृत्यु से सभी स्तब्ध हैं। बालक की मौत से माता-पिता बदहवास हैं और परिजन उसे याद कर रो-रो कर बेहाल हो गए।

वहीं, घटना की सूचना मिलते ही जयसिंहनगर थाना प्रभारी अजय कुमार बैगा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि बालक की मौत पानी में डूबने से हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

Join Us