श्रेया न्यूज़ सीमा सिंह शहडोल -: शहडोल में कार्यवाहक वनपाल के साथ मारपीट कर पांच आरोपी अवैध मुरुम परिवहन के दौरान जब्त किए गए दो ट्रक छुड़ाकर ले गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शहडोल जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के नरसरहा में एक वनकर्मी के साथ दिनदहाड़े हुई मारपीट की घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है। कार्यवाहक वनपाल विजय कुमार प्रजापति पर हमला करने के आरोप में पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। ये आरोपी वनपाल पर हमला कर जब्त किए गए वाहन डिपो के अंदर से लेकर फरार हो गए।
विजय कुमार प्रजापति ने किसी तरह घटना की जानकारी अपने वरिष्ठ अधिकारियों को दी। इसके बाद रेंजर शहडोल, रामनरेश विश्वकर्मा ने मामले की लिखित शिकायत कोतवाली थाने में की। रेंजर ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि मुरुम परिवहन संबंधी दस्तावेज नहीं होने पर दो दिन पहले नरसरहा के पास चेकिंग के दौरान ये वाहन पकड़े गए थे। इसी बीच कुछ लोग आए और सहायक वनपाल के साथ मारपीट करते हुए उनका मोबाइल तोड़ दिया।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने और शासकीय कर्मचारी के साथ मारपीट करने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया है। उनकी तलाश की जा रही है।







