सीमा सिंह शहडोल -: अनूपपुर: आज जहां शासकीय विद्यालयों को शिक्षा की गुणवत्ता के मामले में दोयम दर्जे का माना जा रहा है, वहीं शहडोल सांसद हिमाद्री सिंह ने अपनी बेटी का दाखिला राजेंद्र ग्राम के शासकीय प्राथमिक विद्यालय में कराते हुए स्वयं विद्यालय पहुंचकर शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया. साथ ही शिक्षकों तथा बच्चों से संवाद करते हुए आवश्यक जानकारी प्राप्त की.
सांसद हिमाद्री सिंह ने अपनी पुत्री गिरीश नंदिनी सिंह का शासकीय प्राथमिक कन्या शाला राजेंद्र ग्राम में प्रवेश कराया. इस दौरान अभिभावकों तथा छात्रों से संवाद करते हुए कहा कि हर बच्चा स्कूल जाए और हर बेटी आगे बढ़े, यही संकल्प हर माता-पिता का होता है. यह विद्यालय राजेंद्र ग्राम बस स्टैंड परिसर में स्थित है जो कि सांसद के घर से एक किलोमीटर की दूरी पर ही है.
सोशल मीडिया पर हो रही है सराहना
आज जहां हर किसी में अपने बच्चों को निजी विद्यालयों में पढ़ाने की होड़ है, वहीं सांसद ने अपनी बेटी का शासकीय विद्यालय में दाखिला करते हुए शासकीय विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता को सुधारने की दिशा में अनुकरणीय प्रयास किया है. सोशल मीडिया पर भी लोग संसद के इस पहल की सराहना कर रहे हैं.
बेटियों को आगे बढ़ाने उन्हें जरूर भेजें विद्यालय
विद्यालय में दाखिले के दौरान बेटी के साथ बैठे हुए छात्राओं से उन्होंने बात करते हुए उन्होंने शैक्षणिक जानकारी ली. साथ ही दाखिले के लिए आए हुए बच्चों के परिजनों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि बेटियों को अनिवार्य रूप से विद्यालय भेजें. माता-पिता और परिवार के सदस्य उनके सपनों को पूरा करने में उनकी सहायता करें. बेटियां वह सब कुछ कर सकती हैं जो बेटे कर सकते हैं, इसलिए उन्हें जरूर शिक्षित बनाएं.







