सीमा सिंह शहडोल -: Raja Raghuvanshi Murder Case: मेघालय में राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में एक मिस्ट्री गर्ल अलका की एंट्री हुई है। मिस्ट्री गर्ल का नाम अलका बताया जा रहा है, जो मुख्य आरोपी सोनम की करीबी दोस्त है। राजा के परिवार ने अलका की भूमिका को लेकर जांच की मांग की है।
(Raja Raghuvanshi Murder Case): मेघालय में हुए सनसनीखेज राजा रघुवंशी मर्डर केस में अब एक नया मोड़ आ गया है। अब तक इस केस की मुख्य आरोपी सोनम को माना जा रहा था, लेकिन अब एक नई ‘मिस्ट्री गर्ल’ अलका की एंट्री ने पूरे मामले को और पेचीदा बना दिया है। अलका को सोनम की बेहद करीबी दोस्त बताया जा रहा है और उसके रोल को लेकर रघुवंशी परिवार ने कई सवाल उठाए हैं।
परिवार की मांग है कि पुलिस अलका की भूमिका की गहराई से जांच करे और सोनम का नार्को टेस्ट कराया जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके। रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी ने कहा है कि “सोनम के साथ अलका का व्यवहार काफी संदिग्ध था।”
क्या है मामला?
2 जून को मेघालय के सोहरा स्थित वेईसाडोंग फॉल्स के पास राजा रघुवंशी का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ था। इसके बाद 9 जून को मुख्य आरोपी सोनम ने गाजीपुर में आत्मसमर्पण कर दिया। इस हत्या के आरोप में सोनम, उसके कथित प्रेमी राज कुशवाहा और तीन अन्य आरोपी विशाल चौहान, आकाश राजपूत और आनंद कुमार पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
अब इस केस में अलका नाम की लड़की के शामिल होने की बात सामने आने से जांच एक नई दिशा में बढ़ गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार SIT की टीम अलका की भूमिका की भी गहन जांच कर रही है। हालांकि अभी तक मेघालय पुलिस ने अलका को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
परिवार की पुलिस से मांग
राजा के परिवार का मानना है कि अलका भी इस हत्या की साजिश में शामिल हो सकती है। उनका यह भी कहना है कि सोनम और अलका की गहरी दोस्ती थी और अलका का व्यवहार संदेहास्पद रहा है। इसलिए पुलिस को चाहिए कि वह इस पूरे मामले में अलका से कड़ी पूछताछ करे और सच्चाई सामने लाए।







