सीमा सिंह शहडोल -: जैतपुर थाना क्षेत्र में एक 21 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर जान दे दी। युवती का विवाह मई माह में होना तय हुआ था। घटना उस समय हुई जब परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है। थाना प्रभारी रामकुमार गायकवाड़ के अनुसार मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती अपनी शादी को लेकर परेशान थी।
परिजनों ने बताया कि विवाह की तैयारियों के चलते युवती कई दिनों से तनाव में थी। पड़ोसियों के मुताबिक घटना वाली रात वह देर तक रोती रही। परिवार ने उसे समझाने की कोशिश की। सुबह जब परिवार के सदस्य उठे तो युवती को कमरे में फांसी पर लटका पाया।
एक पड़ोसी ने बताया कि युवती हमेशा खुश रहने वाली थी। शादी की बात के बाद से उसका व्यवहार बदल गया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि युवती की मर्जी के बिना परिवार ने शादी तय की थी। हालांकि पुलिस इस बारे में कुछ भी कहने से बच रही है।
थाना प्रभारी ने कहा कि वे युवती के परिवार से पूरी जानकारी जुटा रहे हैं। मामले की गहन जांच की जा रही है। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।







