सीमा सिंह शहडोल -: Accident in Indore: इंदौर में नगर निगम के डंपर ने स्कूटर सवार दंपती को रौंद दिया। पति-पत्नी आधे घंटे तक डंपर के पहियों में दबे रहे। स्थानीय लोगों और पुलिस ने जैक और लोडर की मदद से दोनों को निकाला। दोनों को गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पति-पत्नी के दोनों पैरों में फ्रेक्चर हुआ है और उनका इलाज चल रहा है।
- पति के साथ छुट्टियां मनाने मुंबई से इंदौर आई थी।
- स्कूटर से दोनों कपड़े खरीदने के लिए बाजार जा रहे थे।
- डंपर के ड्राइवर ने ध्यान नहीं दिया और गाड़ी चढ़ा दी।
इंदौर नगर निगम के डंपर ने रविवार को स्कूटर सवार दंपती को रौंद दिया। पति-पत्नी आधे घंटे तक डंपर के पहियों में दबे रहे। मल्हारगंज पुलिस व रहवासियों ने जैक और लोडर की मदद से दोनों को निकाला।
पति-पत्नी के दोनों पैरों में फ्रेक्चर हुआ है। उन्हें गंभीर अवस्था में निजी अस्पताल में भर्ती किया है। टीआई वेदेंद्रसिंह कुशवाह के मुताबिक घटना जिंसी मैदान की है। नगर निगम का डंपर बड़ा गणपति की तरफ से आ रहा था। चालक ने ध्यान नहीं दिया और स्कूटर (एमपी 09ईए 2350) को टक्कर मार दी।
दोनों पर पहिया चढ़ा हुआ था
टक्कर से स्कूटर का संतुलन बिगड़ा और दंपती गिर गए। दोनों डंपर के पहियों में फंस गए। घटना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैफिक रुकवाया गया। लोगों ने दंपती के हाथ पकड़कर खींचने की कोशिश की, मगर दोनों पर पहिया चढ़ा हुआ था।
छुट्टियां बिताने मुंबई से इंदौर आए थे
पुलिस ने डंपर से जैक निकाला और पहिए ऊंचे किए। कुछ देर बाद लोडर की मदद से डंपर को हटाया गया। दंपती की पहचान 30 वर्षीय रीनल खंडेलवाल और तेजस गुप्ता निवासी कालवा देवी मुंबई के रूप में हुई है। पति-पत्नी मुंबई की बड़ी कंपनी में कंपनी सेक्रेटरी हैं। टीआई के मुताबिक रीनल का शिक्षक नगर (एरोड्रम) में मायका है। वह तीन दिन पूर्व ही छुट्टियां बिताने के लिए इंदौर आई है।
पहिये के नीचे दबी रीनल पति का हाथ पकड़े रही
भाई कार्तिक के मुताबिक बहन रीनल और तेजस कपड़े खरीदने के लिए जा रहे थे। लोगों ने बताया कि डंपर काफी तेज रफ्तार में था। उसने ओवरटेक करने के चक्कर में स्कूटर को टक्कर मार दी।पहिए के नीचे दबी रीनल ने तेजस का हाथ पकड़ लिया। दोनों करीब आधे घंटे तक दबे रहे। कार्तिक के मुताबिक रीनल के पैर और हाथ में ज्यादा चोट है। तेजस के पैर, कंधे, हाथ में फ्रेक्चर बताया है। दोनों का ऑपरेशन होना है।













