SUBSCRIBE NOW

Home » अपराध » Sidhi News: सीधी में कार की टक्कर से युवक की मौत, सांसद की बहू पर लगा दुर्घटना का आरोप

Sidhi News: सीधी में कार की टक्कर से युवक की मौत, सांसद की बहू पर लगा दुर्घटना का आरोप

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

  सीमा सिंह शहडोल -:    Sidhi Car Accident: सीधी में एक सड़क दुर्घटना में युवक की मौत के बाद जमकर बवाल हुआ। परिजनों ने आरोप लगाया कि सांसद की बहू डॉ. बीना मिश्रा की कार की टक्कर से युवक की मौत हुई। सांसद परिवार का दावा है कि बीना मिश्रा कार नहीं चला रही थीं। पुलिस जांच कर रही है और जल्द कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
  • सांसद की बहू पर लगा दुर्घटना का आरोप, परिजनों ने किया जमकर प्रदर्शन।
  • सांसद राजेश मिश्रा बोले, बहू नहीं चला रही थी, लोग शव पर कर रहे राजनीति।
  • 2 अप्रैल को हुई दुर्घटना, अस्पताल में इलाज के दौरान युवक की हो गई मौत।

सीधी के सांसद राजेश मिश्रा के घर के बाहर शुक्रवार दोपहर लोगों ने शव रखकर प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि सांसद की बहू डॉ. बीना मिश्रा की कार की टक्कर से युवक अनिल द्विवेदी की मौत हो गई। कार वे स्वयं चला रहीं थी। करीब चार घंटे तक लोग आवास के बाहर डटे रहे और मांग की कि बीना मिश्रा पर एफआईआर होनी चाहिए।

मामले में टीआई पुष्पेंद्र मिश्रा ने कहा कि आरोपों की जांच की जा रही है। जल्द कार्रवाई करेंगे। वहीं सीधी सांसद राजेश मिश्रा ने कहा कि बहू बीना मिश्रा गाड़ी नहीं चला रही थी। लोग शव पर राजनीति कर रहे हैं। घटनास्थल के पास भी सीसीटीवी कैमरा लगा है। जांच करा ली जाए। मृतक परिवार के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। युवक जब रीवा में भर्ती था तो मैं स्वयं देखने भी गया था।

दो अप्रैल को हुई थी टक्कर

मृतक के चाचा नागेंद्र द्विवेदी का आरोप है कि दो अप्रैल को स्कूटी सवार अनिल द्विवेदी (23 वर्ष) खैरहा स्थित घर जा रहा था। इसी दौरान हुए हादसे में युवक गंभीर घायल हो गया था। कार बीना मिश्रा के नाम से पंजीकृत है।

घायल का सीधी, नागपुर और रीवा में इलाज कराया गया, पर उसे बचाया नहीं जा सका। शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। पूर्व विधायक केदारनाथ शुक्ला ने सांसद परिवार की असंवेदनशीलता पर सवाल उठाए हैं।

सड़क रही बंद

दोपहर करीब एक बजे शाम चार बजे तक प्रदर्शन चला। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि डॉ. बीना मिश्रा पर मामला दर्ज किया जाए। सांसद के पुत्र अनूप मिश्रा ने कहा कि उनकी पत्नी कार नहीं चला रही थीं। वे पुलिस जांच में सहयोग कर रहे हैं। वहीं प्रदर्शन के चलते घंटों रास्ता बंद रहा। प्रदर्शनकारी नारेबाजी भी करते रहे। पुलिस के अश्वासन पर लोग बमुश्किल माने।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

Join Us