शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र के पपरेडी गांव में मंगलवार को सड़क किनारे खड़ी बोलेरो में एक तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना दिलीप वैश्य के घर के सामने हुई। उनकी बोलेरो सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान देवरी की तरफ जा रहे बाइक सवार प्रमोद सिंह ने तेज रफ्तार में बोलेरो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक बोलेरो के पीछे जा घुसी। प्रमोद सिंह सड़क पर गिर गए। उनके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
युवक ने मौके पर तोड़ा दम
टक्कर की आवाज सुनकर बोलेरो मालिक और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि युवक सड़क पर खून से लथपथ पड़ा है। तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
थाना प्रभारी अरुण पांडेय ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान प्रमोद सिंह (पिता राम निहोर) के रूप में हुई है। वह देवरी थाना ब्यौहारी का रहने वाला था। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।







