सीमा सिंह शहडोल -: भोपाल में मध्यप्रदेश किसान कांग्रेस के एक कार्यक्रम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। दोपहर करीब 12:51 बजे रंगमहल चौराहे पर प्रदर्शन के बीच 40 लोगों की क्षमता वाले मंच पर 150 से ज्यादा कार्यकर्ता और नेता जमा हो गए, जिससे मंच का बैलेंस बिगड़ गया और वह ध्वस्त हो गया।
हादसे में किसान कांग्रेस के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान समेत, कांग्रेस उपाध्यक्ष राजीव सिंह समेत 10 से ज्यादा नेता घायल हो गए। पूर्व विधायक रवि जोशी और शैलेंद्र पटेल स्मार्ट सिटी हॉस्पिटल के ऑपरेशन थिएटर में हैं। राजीव सिंह, रोशनी यादव सिद्धांता अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में हैं।
राजीव सिंह के एक हाथ के ऊपरी हिस्से में कंधे के पास सरिया घुसने से आर्टरी, नसें कट गई हैं। वहीं, मंच के कमजोर होने और उसके गिरने की वजह की कांग्रेस जांच कराएगी।
अब जानिए आखिर कैसे हुआ हादसा?
कार्यक्रम के दौरान मंच पर एक छोटी बैलगाड़ी प्रतीक के तौर पर रखी गई थी, जिस पर धान और हल रखा था। नेता और कार्यकर्ता इस बैलगाड़ी की पूजा करने और फोटो खिंचवाने के लिए मंच पर चढ़ने लगे। देखते ही देखते भीड़ बढ़ती गई और मंच पर करीब 150 लोग पहुंच गए, जबकि इसकी क्षमता सिर्फ 30-40 लोगों की थी।
अचानक मंच चरमराने लगा और भारी दबाव के कारण टूटकर गिर गया। मंच गिरते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोग टेबल और कुर्सियों के नीचे दब गए, तो कुछ कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। महिला कार्यकर्ताओं को भी गंभीर चोटें आईं।
राजीव सिंह के कंधे के पास लोहे की रॉड घुसी
कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव सिंह और प्रवक्ता रोशनी यादव को गंभीर चोटें आई हैं। राजीव सिंह के एक हाथ के ऊपरी हिस्से में कंधे के पास सरिया घुसने से आर्टरी, नसें कट गई हैं। सिद्धांता हॉस्पिटल के डॉयरेक्टर डॉ. सुबोध वाष्र्णेय ने बताया कि 3 घंटे के ऑपरेशन के बाद रॉड निकाल दी गई है। उनकी हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।
इन 4 वजहों से गिरा कांग्रेस का मंच
* अधिक भार से संरचना कमजोर हुई: मंच की क्षमता
30-40 लोगों की थी, लेकिन इस पर 150 से अधिक लोग चढ़ गए, जिससे यह भार सहन नहीं कर सका।
* अस्थायी निर्माण: मंच को तात्कालिक रूप से बनाया
गया था और इसकी मजबूती पर ध्यान नहीं दिया गया था।
* भीड़ का आकलन नहीं किया गया: आयोजकों ने यह
अनुमान नहीं लगाया कि इतनी अधिक संख्या में लोग मंच पर चढ़ सकते हैं।
* उत्साह में मंच पर चढ़ते गए कार्यकर्ताः नेता जीतू पटवारी के आने के बाद लोग मंच पर फोटो खिंचवाने के लिए तेजी से चढ़े।







