सीमा सिंह शहडोल -: देवलौंद थाना क्षेत्र में रविवार को दो अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। एक अन्य घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
पहली घटना बुढ़वा गांव में हुई। तीन युवक बाइक से घर जा रहे थे। इस दौरान उनकी बाइक तेज रफ्तार से ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
बुढ़वा गांव में मृतक के परिजन पहुंचे घटना स्थल पर।
दूसरी घटना शहडोल-रीवा मार्ग पर चंडी माता मंदिर के पास हुई। सहरगढ़ जा रहे 25 वर्षीय राम रहीम यादव की बाइक को एक तेज रफ्तार बोलेरो ने टक्कर मार दी। हादसे में राम रहीम की मौके पर ही मौत हो गई।
राहगीरों ने पुलिस को घटना की सूचना दी।
देवलौंद थाना प्रभारी डीके दहिया ने बताया है कि दोनों घटनाएं रविवार की हैं। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने दोनों मामलों में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







