SUBSCRIBE NOW

Home » धर्म » महाकुंभ- अक्षय-कैटरीना संगम पहुंचे:आज 74 लाख लोगों ने डुबकी लगाई, महाशिवरात्रि से पहले भीड़ बढ़ी

महाकुंभ- अक्षय-कैटरीना संगम पहुंचे:आज 74 लाख लोगों ने डुबकी लगाई, महाशिवरात्रि से पहले भीड़ बढ़ी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सीमा सिंह शहडोल –   महाकुंभ का आज 43वां दिन है। मेला खत्म होने में 2 दिन और बचे हैं। रविवार की छुट्‌टी के दिन से ज्यादा भीड़ आज सोमवार को है। दोपहर 12 बजे तक 74 लाख से ज्यादा लोगों ने स्नान किया। 13 जनवरी से अब तक 62.80 करोड़ श्रद्धालु संगम में डुबकी लगा चुके हैं।

बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार ने संगम स्नान किया। एक्ट्रेस कैटरीना कैफ भी महाकुंभ पहुंचीं। परमार्थ निकेतन शिविर में स्वामी चिदानंद सरस्वती और साध्वी भगवती सरस्वती का आशीर्वाद लिया।

प्रयागराज में एंट्री पॉइंट पर पार्किंग के आसपास जाम लगा है। शहर के अंदर चौराहों पर भी भीषण जाम है। प्रयागराज पहुंचने वाली गाड़ियों को संगम से 10 किमी पहले पार्किंग में रोका जा रहा है। उसके बाद मेला क्षेत्र तक ऑटो, ई-रिक्शा या शटल बसों से जा सकते हैं। हालांकि, भीड़ के मुताबिक ये साधन बहुत कम हैं।

दो तस्वीरें देखिए-

परमार्थ निकेतन शिविर में कैटरीना कैफ ने स्वामी चिदानंद सरस्वती का आशीर्वाद लिया।
परमार्थ निकेतन शिविर में कैटरीना कैफ ने स्वामी चिदानंद सरस्वती का आशीर्वाद लिया।
यह रविवार को संगम की ड्रोन से ली गई तस्वीर है। महाकुंभ में अब ज्यादातर पंडाल उखड़ चुके हैं। साधु-संत जा चुके हैं।
यह रविवार को संगम की ड्रोन से ली गई तस्वीर है। महाकुंभ में अब ज्यादातर पंडाल उखड़ चुके हैं। साधु-संत जा चुके हैं।

दूसरी ओर ऑटो वाले 10 किमी के एक हजार रुपए तक वसूल रहे हैं। ऐसे में बहुत श्रद्धालु 10 किमी तक पैदल चलने को मजबूर हैं। महाशिवरात्रि पर प्रयागराज शहर में 16 किमी लंबी शोभायात्रा निकाली जाती है। कई मंदिरों से भी जुलूस निकाले जाते हैं। पुलिस ने कमेटी से बात करके शोभायात्रा न निकालने पर राजी कर लिया है।

शहर में जाम की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने फैसला लिया है कि 24 फरवरी को 10वीं-12वीं बोर्ड के एग्जाम नहीं कराए जाएंगे। इस दिन का एग्जाम 9 मार्च को कराया जाएगा। DIG वैभव कृष्ण ने कहा- महाशिवरात्रि को लेकर पूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। कितनी भी भीड़ आए, हम लोग पूरी तरह से तैयार हैं।

रविवार (आखिरी वीकेंड) को पूरे दिन भारी भीड़ रही, लेकिन रात होते-होते भीड़ कम होने लगी। रविवार को ऑटो, ई-रिक्शा, बाइक वालों ने भी खूब फायदा उठाया। नाव वालों ने भी मनमाना पैसा वसूला। भास्कर रिपोर्टर ने मौज गिरी घाट से संगम तक नाव बुक करने की बात की तो नाविक ने 20 हजार रुपए मांगे। सामान्य दिनों में नाव बुक करने पर एक हजार रुपए लेते हैं।

यूपी के डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य ने लखनऊ में कहा- महाकुंभ दिव्य, भव्य और आध्यात्मिक उन्नति देने वाला रहा है। महाकुंभ पर विपक्ष, चाहे वह कांग्रेस हो, सपा हो, राजद हो या टीएमसी हो, सभी ने इस पर अपमानजनक तरीके से टिप्पणी की है। यह हिंदुओं और भारतीय संस्कृति का अपमान है। मैं महाकुंभ की व्यवस्था और सेवा में शामिल सभी लोगों को इसकी सफलता के लिए बधाई देता हूं।

आज महाकुंभ में 15 हजार से ज्यादा सफाईकर्मी सफाई करके रिकॉर्ड बनाएंगे। झाड़ू लेकर सफाईकर्मी संगम पर निकले हैं। इससे पहले, 14 फरवरी को 300 से ज्यादा सफाई कर्मियों ने नदी की सफाई करके रिकॉर्ड बनाया था।

सपा नेता शिवपाल यादव ने लखनऊ में कहा- ये (भाजपा) आस्था और व्यवस्था का समन्वय नहीं कर पाएं हैं और इसलिए यह सब हुआ है। ये कुंभ में साफ पानी तक नहीं दे पाए हैं। साफ पानी केवल VIP लोगों को मिला है। इन्होंने प्रचार-प्रसार करके सभी को बुलाया है। कुंभ सदियों पुराना है और हमारी सरकार में भी कुंभ 2 बार लगा था। यहां (महाकुंभ में) कभी अव्यवस्था नहीं हुई।

लखनऊ और अयोध्या की तरफ से आने वाले वाहनों को बेली कछार में रोका जा रहा है। वहां से श्रद्धालु पैदल संगम की तरफ जा रहे हैं। यहां से संगम 8 से 10 किमी दूरी पर है।

मुख्य सड़क के अलावा लिंक मार्ग से भी श्रद्धालु पैदल जा रहे हैं। ये वीडियो रीवा रोड के बगल इंदलपुर रोड की है। ये नैनी स्टेशन को भी जोड़ती है। यहां से संगम की दूरी 7 किलोमीटर है। ऐसे में श्रद्धालु करीब 10 किमी पैदल चल रहे हैं।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

Join Us