SUBSCRIBE NOW

Home » धर्म » महाकुंभ में आज रविवार से ज्यादा भीड़:आखिरी 2 दिन बचे, शहर के एंट्री पॉइंट पर जाम; अब भी 10 किमी पैदल चलना पड़ रहा

महाकुंभ में आज रविवार से ज्यादा भीड़:आखिरी 2 दिन बचे, शहर के एंट्री पॉइंट पर जाम; अब भी 10 किमी पैदल चलना पड़ रहा

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सीमा सिंह शहडोल –   महाकुंभ का आज 43वां दिन है। मेला खत्म होने में 2 दिन और बचे हैं। रविवार की छुट्‌टी के दिन से ज्यादा भीड़ आज सोमवार को है। सुबह 10 बजे तक 55 लाख लोगों ने स्नान किया, जबकि एक दिन पहले ये आंकड़ा करीब 50 लाख था। 13 जनवरी से अब तक 62.61 करोड़ श्रद्धालु संगम में डुबकी लगा चुके हैं।

प्रयागराज में एंट्री पॉइंट पर पार्किंग के आसपास जाम लगा है। शहर के अंदर चौराहों पर भी भीषण जाम है। प्रयागराज पहुंचने वाली गाड़ियों को संगम से 10km पहले पार्किंग में रोका जा रहा है। उसके बाद मेला क्षेत्र तक ऑटो, ई-रिक्शा या शटल बसों से जा सकते हैं। हालांकि, भीड़ के मुताबिक ये साधन बहुत कम हैं। दूसरी ओर ऑटो वाले 10 किमी के एक हजार रुपए तक वसूल रहे हैं। ऐसे में बहुत श्रद्धालु 10 किमी तक पैदल चलने को मजबूर हैं।

महाशिवरात्रि पर प्रयागराज शहर में 16 किमी लंबी शोभायात्रा निकाली जाती है। कई मंदिरों से भी जुलूस निकाले जाते हैं। पुलिस ने बात करके शोभायात्रा न निकालने पर कमेटी को राजी कर लिया है।

यह रविवार को संगम की ड्रोन से ली गई तस्वीर है। महाकुंभ में अब ज्यादातर पंडाल उखड़ चुके हैं। साधु-संत जा चुके हैं।
यह रविवार को संगम की ड्रोन से ली गई तस्वीर है। महाकुंभ में अब ज्यादातर पंडाल उखड़ चुके हैं। साधु-संत जा चुके हैं।

शहर में जाम की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने फैसला लिया है कि 24 फरवरी को 10वीं-12वीं बोर्ड के एग्जाम नहीं कराए जाएंगे। इस दिन का एग्जाम 9 मार्च को कराया जाएगा। DIG वैभव कृष्ण ने कहा- महाशिवरात्रि को लेकर पूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। कितनी भी भीड़ आए, हम लोग पूरी तरह से तैयार हैं।

रविवार (आखिरी वीकेंड) को पूरे दिन भारी भीड़ रही, लेकिन रात होते-होते भीड़ कम होने लगी। रविवार को ऑटो, ई-रिक्शा, बाइक वालों ने भी खूब फायदा उठाया। नाव वालों ने भी मनमाना पैसा वसूला। भास्कर रिपोर्टर ने मौज गिरी घाट से संगम तक नाव बुक करने की बात की तो नाविक ने 20 हजार रुपए मांगे। सामान्य दिनों में नाव बुक करने पर एक हजार रुपए लेते हैं।

लखनऊ और अयोध्या की तरफ से आने वाले वाहनों को बेली कछार में रोका जा रहा है। वहां से श्रद्धालु पैदल संगम की तरफ जा रहे हैं। यहां से संगम 8 से 10 किमी दूरी पर है।

मुख्य सड़क के अलावा लिंक मार्ग से भी श्रद्धालु पैदल जा रहे हैं। ये वीडियो रीवा रोड के बगल इंदलपुर रोड की है। ये नैनी स्टेशन को भी जोड़ती है। यहां से संगम की दूरी 7 किलोमीटर है। ऐसे में श्रद्धालु करीब 10 किमी पैदल चल रहे हैं।

संगम में आज सुबह 8 बजे तक 35.31 लाख लोगों ने स्नान किया। 13 जनवरी से अब तक 62.31 करोड़ श्रद्धालु संगम में डुबकी लगा चुके हैं। आज के ड्रोन वीडियो में संगम श्रद्धालुओं से फुल दिख रहा है।

मौनी अमावस्या पर हुई भगदड़ की जांच के लिए गठित न्यायिक आयोग की टीम आज फिर प्रयागराज पहुंची है। जांच टीम पहले भी आकर मौका मुआयना कर चुकी है। भगदड़ में 30 लोगों की मौत के कारणों की जांच के लिए समय सीमा बढ़ा दी गई है। पहले आयोग को एक माह में जांच पूरी कर रिपोर्ट सौंपनी थी। लेकिन, अब आयोग को मार्च माह के पहले सप्ताह तक राज्य सरकार को रिपोर्ट देनी होगी।

अधिकांश होटलों में 27 फरवरी तक नो रूम

महाकुंभ का अंतिम स्नान 26 फरवरी को है, लेकिन अभी से ही शहर के अधिकांश होटल 27 फरवरी तक के लिए बुक हैं। लगभग यही स्थिति अरैल में बनाई गई टेंट सिटी की भी है। एक करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु रोज प्रयागराज पहुंच रहे हैं। ऐसे में प्रयागराज के होटल, होम स्टे और मेला क्षेत्र में बने लग्जरी कॉटेज 26 फरवरी तक बुक चल रहे हैं।

IRCTC के क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत सिन्हा ने बताया- अरैल की टेंट सिटी में 26 फरवरी तक बुकिंग फुल है। प्रयागराज होटल्स एंड रेस्टोरेंट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह का कहना है कि उम्मीद से अधिक तीर्थयात्री पहुंचे हैं। महाशिवरात्रि तक अधिकांश होटल फुल हैं। होटल कारोबारी योगेश गोयल का कहना है कि कुछ बंदिशों से लोगों को होटल पहुंचने में दिक्कत तो हो रही है, लेकिन उनके उत्साह में कोई कमी नहीं है।

मेले में फुटकर (छुट्टे) रुपए की जरूरत लोगों को पड़ती है। ऐसे में एक महिला एक, दो, पांच, दस रुपए के सिक्के लेकर बैठी है। महिला ने कहा- अगर 100 रुपए देंगे तो 90 रुपए सिक्के में बदल देंगे।

महाशिवरात्रि पर कितनी भी भीड़ आए हम लोग पूरी तरह से तैयार- DIG

DIG वैभव कृष्ण ने कहा- ऐसे 140 सोशल मीडिया हैंडल के खिलाफ जिन पर भ्रामक सामग्री साझा की गई थीं, 13 FIR दर्ज की गई हैं। रविवार को 1 करोड़ 30 लाख से ज्यादा लोगों ने स्नान किया है। महाशिवरात्रि को लेकर पूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। प्रयास रहेगा कि महाकुंभ मेला क्षेत्र में कहीं पर भी ट्रैफिक जाम ना हो। सभी व्यवस्थाएं सुगम तरीके से चलें। कितनी भी भीड़ आए हम लोग पूरी तरह से तैयार हैं।

इस बार महाशिवरात्रि पर नहीं निकलेगी भगवान शिव की शोभायात्रा

शहरवासियों से ACP कोतवाली मनोज सिंह ने मीटिंग की। अपील की है कि 26 फरवरी को महाशिवरात्रि पर जो 16 किलोमीटर की शोभायात्रा निकाली जाती है, श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए इस बार न निकालें। इसे कमेटी और शहर के लोगों ने स्वीकार कर लिया है। अब शोभायात्रा नहीं निकाली जाएगी।

सोनाली बेंद्रे पति संग पहुंचीं महाकुंभ

एक्ट्रेस सोनाली बेंद्रे ने महाकुंभ संगम में डुबकी लगाई। ‘हम साथ साथ हैं’ की एक्ट्रेस ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर धार्मिक यात्रा की कुछ तस्वीरें शेयर कीं। सोनाली बेंद्रे ने कैप्शन में लिखा- ‘छोटे पल, बड़ी यादें।’ उनके साथ पति गोल्डी बहल भी थे। 3 तस्वीरें…

संगम से प्रयागराज जंक्शन तक 1450 CCTV लगाए- DCM

प्रयागराज मंडल के वरिष्ठ DCM हिमांशु शुक्ला ने कहा- महाशिवरात्रि का स्नान हमारी आखिरी परीक्षा है, जिसके लिए हम लोग पूरी मुस्तैदी के साथ तैयार हैं। लोग इस पैम्फलेट के माध्यम से लोगों को जागरूक कर रहे हैं। यहां से बहुत बड़ी भीड़ अयोध्या और वाराणसी जैसे अन्य तीर्थ स्थलों पर दर्शन के लिए जाती है। उनके लिए हमने एक सुगम व्यवस्था की है। हमने संगम से लेकर प्रयागराज जंक्शन तक 1450 CCTV कैमरे लगाए हैं। हमने भी 100 के ऊपर स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। हमने वृहद स्तर पर तैयारियां की हैं। NDRF की भी एक स्पेशल टीम यहां पर मौजूद है। हम अच्छे से यह अंतिम स्नान संपन्न करवाने में सफल होंगे, ऐसा मेरा विश्वास है।

DM बोले- हमारी टीम 24 घंटे सुरक्षा और व्यवस्था के लिए तैयार

प्रयागराज DM रवींद्र कुमार मंदार ने कहा- अभी तक 62 करोड़ से अधिक श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं। हमारी टीम 24 घंटे श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था के लिए लगी है। हमारा प्रयास है कि महाशिवरात्रि के स्नान पर भी व्यवस्थाएं सकुशल रूप से रहें। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार हमारा नेतृत्व कर रहे हैं।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

Join Us