सीमा सिंह,शहडोल- शहडोल संभाग की कमिश्नर सुरभि गुप्ता ने आज संभाग में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की व्यापक समीक्षा की। बैठक में मनरेगा, गौशाला निर्माण, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा और सड़क विकास निगम के कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। कमिश्नर ने मनरेगा के तहत शहडोल और अनूपपुर जिला पंचायतों को मजदूरों के समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
गौशालाओं को शीघ्र चालू करने की हिदायत
उन्होंने कहा कि मजदूरों को रोजगार की कमी नहीं होनी चाहिए। गौशालाओं के संबंध में उन्होंने अधूरी और बंद पड़ी गौशालाओं को शीघ्र चालू करने के निर्देश दिए। ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के तहत चल रहे सड़क और भवन निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया। खनिज मद से संबंधित परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए, उन्होंने रुके हुए प्रोजेक्ट्स को जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।
सड़क विकास निगम को शहडोल-उमरिया मार्ग पर तेजी लाने का निर्देश
सड़क विकास निगम को शहडोल-उमरिया मार्ग के निर्माण कार्य में तेजी लाने और निर्माण में लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों को तुरंत नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया। कमिश्नर ने सभी विभागों को गुणवत्ता के साथ कोई समझौता न करने की सख्त हिदायत दी और सभी अधूरे कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर बल दिया।







