Madhya Pradesh . 26 Dec 2024 . Saniya Ansari
मध्यप्रदेश के उज्जैन में नागदा के प्रकाश नगर स्थित शराब कंपनी शिवा फूड्स लिमिटेड के ऑफिस में पांच लुटेरों ने फिल्मी स्टाइल में 18.30 लाख रुपये की लूट को अंजाम दिया। बदमाशों ने कर्मचारियों पर बंदूक और चाकू तानकर रकम लूटी और सीसीटीवी का डीवीआर भी ले गए।
मध्यप्रदेश के उज्जैन में फिल्मी स्टाइल में चोरों ने लूट की घटना को अंजाम दिया। धूम फिल्म की तर्ज पर दो बाइक पर आए पांच लुटेरों ने शराब के ठेकेदार के ऑफिस में धावा बोल दिया और बंदूक के बल पर लाखों रुपये लूटकर फरार हो गए। लूट के बाद स्पोर्ट्स बाइक से भागते हुए बदमाश सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए है। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
डीआईजी नवनीत भसीन खुद पहुंचे
घटना की जानकारी लगते ही उज्जैन मुख्यालय से खुद डीआईजी नवनीत भसीन भी मौके पर पहुंचे। फरियादियों के दिए गए बयान के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। इसके साथ ही उज्जैन जिले की सीमाओं पर चौकसी बढ़ा दी गई है। डीआईजी नवनीत भसीन ने बताया कि लूट करने वाले पांच बदमाशों में एक पूर्व कर्मचारी भी शामिल है।
कौशल 302 आया था
वारदात के समय कर्मचारियों ने एक आरोपी को पहचान लिया है। बताया जाता है कि आरोपी ने कर्मचारियों से कहा था कि ‘कह देना कौशल 302 आया था’। एक पुलिस टीम आरोपी कर्मचारियों के घर भी भेजी गई है।







