श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- अनूपपुर जिले के कोतमा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत खमरोध के टिकई टोला में घरेलू विवाद के दौरान पति ने कथित तौर पर बांस के डंडे से पीटकर पत्नी की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने कमरे में बिखरे खून के निशान छिपाने के लिए गोबर से पुताई कर दी। गुरुवार सुबह घटना का पता चलने पर गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति को अभिरक्षा में लेकर जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 23 वर्षीय चंदा देवी कोल के रूप में हुई है। उसका विवाह सुदामा अगरिया (26) से हुआ था। दोनों के दो छोटे बच्चे हैं, जिनकी उम्र लगभग ढाई वर्ष और डेढ़ वर्ष बताई गई है। पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब ने बताया कि सुदामा और चंदा के बीच प्रेम संबंध के बाद पांच वर्ष पहले विवाह हुआ था। चंदा के बार-बार मायके चले जाने को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। ग्रामीणों के हस्तक्षेप से पहले भी कई बार दोनों के बीच समझौता कराया गया था।
बताया गया कि बुधवार रात करीब 8 से 9 बजे सुदामा नशे की हालत में घर पहुंचा। इस दौरान पत्नी के बार-बार मायके जाने को लेकर उसने चंदा को समझाने का प्रयास किया। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और चंदा के गाली-गलौज करने पर मामला और बिगड़ गया। बेटे और बहू को झगड़ते देख सुदामा की मां दोनों छोटे बच्चों को लेकर किसी दूसरे के घर चली गई। इसी दौरान विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। जहां गुस्से में सुदामा ने बांस के डंडे से चंदा पर हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई
सुबह जागा तो पत्नी की मौत का चला पता
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद सुदामा पत्नी को घसीटकर कमरे के अंदर ले गया और नशे की हालत में वहीं सो गया। गुरुवार सुबह जब उसकी नींद खुली तो चंदा का सिर खून से लथपथ था और कमरे में खून बिखरा हुआ था। इसके बाद उसने खून के निशान छिपाने के लिए गोबर से पुताई कर दी, लेकिन निशान पूरी तरह नहीं मिट सके। इसी बीच सुदामा की मां दोनों बच्चों को लेकर घर लौटी। कमरे में बहू को मृत अवस्था में देखकर वह रोने लगी। उसकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण पहुंचे और घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचना दी। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे पुलिस को मामले की सूचना मिली।
पुलिस ने शुरू की जांच













