SUBSCRIBE NOW

Home » अपराध » नौरोजाबाद में युवक की हत्या का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, विधि विरुद्ध बालक हिरासत में

नौरोजाबाद में युवक की हत्या का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, विधि विरुद्ध बालक हिरासत में

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :-  उमरिया थाना क्षेत्र में पांच दिन पहले मिले अज्ञात युवक के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। त्वरित जांच और लगातार पूछताछ के बाद पुलिस ने एक आरोपी शंकर सिंह को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि विरुद्ध बालक को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल पल्सर बाइक और लोहे का एंगल भी बरामद किया है।

29 अगस्त को सेजी के पेड़ के नीचे एक अज्ञात युवक का शव मिला था। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान सूरजबली बैगा (30), निवासी सेहराटोला के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के कारण मौत होने की पुष्टि हुई। इसके बाद नौरोजाबाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 358/2026 के तहत धारा 103(1), 238 एवं 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुराने विवाद से मिला अहम सुराग

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि सूरजबली गणेश प्रजापति की किराना दुकान और आटा चक्की पर आता-जाता था। करीब 15 दिन पहले दुकान से पैसे चोरी होने की बात को लेकर उसका गणेश के भाई से विवाद हुआ था। इस दौरान उसे धमकी भी दी गई थी। पुलिस ने पुराने विवाद और धमकी को जांच का प्रमुख आधार बनाया।

पूछताछ में सामने आया कि 26 अगस्त को एक विधि विरुद्ध बालक सूरजबली को उमरिया जाने की बात कहकर अपने साथ ले गया था। रास्ते में उसकी शंकर सिंह से मुलाकात हुई। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने सूरजबली को शराब पिलाई और वापस लौटते समय लोहे के एंगल से उसके सिर और चेहरे पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने शव को सड़क से करीब 15 फीट दूर छिपा दिया। 29 अगस्त को शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों तक पहुंची।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल पल्सर मोटरसाइकिल और लोहे का एंगल जब्त किया है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय भागवानी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आलोक शर्मा के निर्देशन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक बालेन्द्र शर्मा और उनकी टीम ने की। सहायक उप निरीक्षक सुभाष यादव, सहायक उप निरीक्षक राजेन्द्र तिवारी सहित पुलिस टीम की भूमिका महत्वपूर्ण रही।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

READ MORE

Join Us