श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- मनावर (धार) : नौकरी चाहिए तो चरित्र प्रमाण पत्र भी जरुरी… और इसी जरुरत को कमाई का जरिया बना लिया। मनावर में एक फोटो कापी सेंटर संचालक अपनी दुकान पर थाना मनावर की फर्जी रबर सील लगाकर अस्थाई चरित्र प्रमाण पत्र तैयार कर रहा था। पुलिस ने दुकान पर दबिश देकर संचालक को गिरफ्तार किया है।
तलाशी में फर्जी सील, दो तैयार प्रमाण पत्रों की छायाप्रतियां और एक लैपटॉप मिला। लैपटॉप खंगाला गया तो उसमें 27 चरित्र प्रमाण पत्र और शपथ पत्र मिले। अब पुलिस इन दस्तावेजों के इस्तेमाल और पूरे मामले से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है। एसपी सचिन शर्मा के निर्देशन, एसडीओपी ब्रजेश कुमार मालवीय के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी राजेश यादव की टीम ने शनिवार को कार्रवाई की।
एसआई मनीष चौधरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आदित्य फोटो कापी सेंटर का संचालक दुकान पर थाना मनावर की फर्जी रबर सील का इस्तेमाल कर सरकारी और निजी नौकरी के लिए अस्थाई चरित्र प्रमाण पत्र बना रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम दुकान पर पहुंची।
यहां संचालक आदित्य सोलंकी निवासी पटेल कॉलोनी मनावर मिला। दुकान की तलाशी में पुलिस को थाना प्रभारी, पुलिस थाना मनावर, जिला धार के नाम और फोन नंबर वाली रबर सील मिली। साथ ही दो अस्थाई चरित्र प्रमाण पत्रों की छायाप्रतियां भी बरामद हुईं। इनमें निर्मल पुत्र महेंद्र रण्डा निवासी मलनगांव और शिवनारायण पुत्र बाबू निवासी जोतपुर के नाम दर्ज थे।
लैपटॉप खोला तो सामने आए 27 प्रमाण पत्र
थाना प्रभारी राजेश यादव ने बताया कि पुलिस ने मौके से डेल कंपनी का लैपटाप और चार्जर भी जब्त किया। इसी लैपटाप से चरित्र प्रमाण पत्र तैयार किए जाते थे। जांच के दौरान इसमें 27 चरित्र प्रमाण पत्र और शपथ पत्र मिले हैं। अब ये पता लगा रही है कि ये दस्तावेज किन लोगों के लिए तैयार किए गए और उनका इस्तेमाल कहां किया जाना था।
मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरु की गई है। गिरफ्तार आरोपित को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लिया है। रिमांड के दौरान पुलिस फर्जी प्रमाण पत्र तैयार करने के तरीके, संभावित नेटवर्क, इसमें शामिल अन्य लोगों और अब तक तैयार किए गए दस्तावेजों के संबंध में पूछताछ करेगी।












