SUBSCRIBE NOW

Home » जिला समाचार » शहडोल में सड़क बनी खेत: 30 साल से इंतजार कर रहे ग्रामीणों ने कीचड़ में रोपी धान, चर्चाओं में अनोखा विरोध

शहडोल में सड़क बनी खेत: 30 साल से इंतजार कर रहे ग्रामीणों ने कीचड़ में रोपी धान, चर्चाओं में अनोखा विरोध

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

 श्रेया न्यूज़ शहडोल द्रोपती धुर्वे :-   शहडोल जिले के जैतपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत गलहथा में सड़क की बदहाली से परेशान ग्रामीणों ने अब अनोखे अंदाज में विरोध जताया है। करीब 30 साल से सड़क निर्माण की मांग पूरी नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने कीचड़ से सनी सड़क पर ही धान का रोपा लगा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायतें और आवेदन देने के बावजूद जब सड़क नहीं बनी तो अब उन्होंने सड़क को ही खेत बना दिया है।

30 साल से सड़क का इंतजार, बारिश में बन जाती है कीचड़
मामला ग्राम पंचायत गलहथा के वार्ड नंबर 15 का है। ग्रामीण सुरेश सिंह ने बताया कि वार्ड नंबर 15 से मुख्य सड़क और स्कूल तक पहुंचने के लिए करीब आधा किलोमीटर लंबा यह मार्ग प्रमुख रास्ता है। बारिश के दिनों में सड़क पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो जाती है। इससे ग्रामीणों के साथ स्कूली बच्चों को भी आने-जाने में परेशानी होती है। ग्रामीणों के अनुसार, यह समस्या एक-दो साल पुरानी नहीं, बल्कि करीब तीन दशक से बनी हुई है। इस दौरान कई बार पंचायत और संबंधित अधिकारियों से सड़क निर्माण की शिकायत की गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। लगातार बारिश के कारण सड़क पर जगह-जगह कीचड़ और पानी जमा है, जिससे आवागमन मुश्किल हो गया है।

सड़क पर धान रोपकर जताया विरोध

इसी समस्या से नाराज नवल सिंह, पहलाद सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने एकजुट होकर सड़क पर धान का रोपा लगा दिया। ग्रामीणों ने कहा कि जब बारिश के दौरान सड़क पर खेत जैसी स्थिति बन ही जाती है तो उन्होंने इसे खेत का रूप देकर अपना विरोध दर्ज कराया है। ग्रामीणों का यह अनोखा विरोध क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्रामीण पहलाद सिंह ने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि सड़क पर धान की फसल तैयार हो गई तो इससे होने वाले अनाज से ग्रामीणों की भरपाई कर लेंगे।

पंचायत ने बारिश के बाद निर्माण का दिया भरोसा
इधर, ग्राम पंचायत गलहथा के सचिव चंद्रशेखर तिवारी ने बताया कि सड़क की समस्या से पंचायत भी अवगत है। ग्राम सभा में कई बार सड़क निर्माण का प्रस्ताव रखा गया है और बजट को लेकर भी चर्चा हुई है। बारिश समाप्त होने के बाद सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की बात कही गई है।

 

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

READ MORE

Join Us