श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- अनूपपुर/कोतमा। खनिज कारोबारी मनीष गोयनका से जुड़े मामलों को लेकर पिछले कुछ समय से चर्चा में रहे कोतमा क्षेत्र में बुधवार सुबह आयकर विभाग की कार्रवाई से हड़कंप मच गया।
भोपाल से पहुंची आयकर विभाग की टीम ने कोतमा पुलिस के सहयोग से कोतमा, गोहान्ड्रा और पैरीचुआ क्षेत्र में कई स्थानों पर दबिश दी। कार्रवाई का कथित तौर पर केंद्र बिंदु गोयनका से जुड़ी बेनामी संपत्तियों और वित्तीय लेनदेन की जांच बताया जा रहा है।
सुबह 6 बजे से शुरू हुई कार्रवाई
- बताया गया कि बुधवार सुबह करीब 6 बजे आयकर विभाग की टीम कोतमा थाने पहुंची और पुलिस बल को साथ लेकर अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई शुरू की। टीम की दबिश की खबर फैलते ही नगर में दिनभर चर्चाओं का दौर चलता रहा। इस दौरान कुछ बड़े व्यापारियों की दुकानें भी बंद नजर आईं।
- मनीष गोयनका का नाम पूर्व में भी कोतमा क्षेत्र से जुड़े विवादों में सामने आ चुका है। जून 2024 में रेत ठेका कंपनी के कर्मचारी और मनीष गोयनका के बीच विवाद के बाद दोनों पक्षों की शिकायत पर कोतमा थाने में अलग-अलग धाराओं में मामले दर्ज किए ग
कर्मचारी के नाम पर करोड़ों का लेनदेन और जमीन
- इसी पृष्ठभूमि में अब आयकर विभाग की कथित कार्रवाई ने क्षेत्र में चर्चाओं को और तेज कर दिया है। हालांकि, बुधवार को की गई कार्रवाई के संबंध में आयकर विभाग की ओर से आधिकारिक रूप से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि जांच का पूरा दायरा क्या है और किन-किन संपत्तियों अथवा लेनदेन को जांच में शामिल किया गया है।
- आयकर विभाग की जांच में मनीष गोयनका के यहां काम करने वाले संगत पांव का नाम भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि कोतमा तहसील क्षेत्र में उसके नाम कई एकड़ जमीन दर्ज है। इसके अलावा उसके बैंक खाते से करोड़ों रुपये के लेनदेन किए जाने की जानकारी भी टीम की जांच के दायरे में है
- यह बताया जा रहा टीम यह पता लगाने में जुटी है कि संबंधित संपत्तियों की खरीद के लिए धन का स्रोत क्या था और इन संपत्तियों का वास्तविक स्वामित्व किसका है। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
चार युवकों को पूछताछ के लिए ले गई टीम
- जानकारी के मुताबिक आयकर विभाग की टीम ने अलग-अलग स्थानों से चार युवकों को पूछताछ के लिए अपने साथ लिया। इनमें कोतमा निवासी रोहित सोनी, पैरीचुआ निवासी बृजेंद्र मिश्रा और गोहान्ड्रा निवासी संगत पांव सहित अन्य युवक शामिल बताए गए हैं।
- टीम सभी को जनपद पंचायत परिसर स्थित बीआरसी भवन लेकर गई, जहां देर शाम तक कई घंटों से पूछताछ जारी रही। पूछताछ के दौरान बयानों और घटनाक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
- जानकारी अनुसार आयकर विभाग की टीम मंगलवार को जबलपुर से दो वाहनों के जरिए सड़क मार्ग से कोतमा पहुंची थी। टीम का नेतृत्व आयकर आयुक्त प्रणव अनंत कानितकर द्वारा किए जाने की जानकारी सामने आई है। बुधवार सुबह कार्रवाई शुरू होने के बाद पूछताछ के लिए ले जाए गए युवकों के स्वजन दिनभर जनपद पंचायत कार्यालय के बाहर मौजूद रहे। जनपद परिसर में भी लोगों की भीड़ बनी रही।
- सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के लिए ले जाए गए कुछ लोगों के नाम कोतमा तहसील सहित अन्य क्षेत्रों में करोड़ों रुपये मूल्य की जमीन और अन्य संपत्तियां दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। आयकर विभाग इन संपत्तियों के साथ बैंक खातों और अन्य वित्तीय लेनदेन की भी पड़ताल कर रहा है।
- हालांकि, यह स्पष्ट होना अभी बाकी है कि जांच के दौरान सामने आई संपत्तियां वास्तव में बेनामी हैं या उनके संबंध में कोई अन्य वैध वित्तीय व्यवस्था है। इसका खुलासा आयकर विभाग की जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा
- पूरी कार्रवाई को लेकर आयकर विभाग के अधिकारियों ने मौके पर किसी भी प्रकार की आधिकारिक जानकारी देने से इनकार किया। न तो कार्रवाई के कारणों और न ही जांच में सामने आए तथ्यों को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है।












