श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- ब्यौहारी अस्पताल की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर शुरू हुआ आमरण अनशन प्रशासन के लिखित आश्वासन के बाद खत्म हो गया। प्रशासन ने स्त्री रोग विशेषज्ञ की ज्वाइनिंग, नि:शुल्क सोनोग्राफी और डायलिसिस सुविधा शुरू करने समेत कई मांगों पर जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया।
ब्यौहारी स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की मांग को लेकर स्वतंत्रता दिवस से आमरण अनशन पर बैठे कबीर धर्म समिति के संस्थापक एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पूर्व महामंत्री हरिशंकर कोरी ने प्रशासन के लिखित आश्वासन के बाद अनशन समाप्त कर दिया। सुबह कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम अर्चना मिश्रा, एसडीओपी ऋषभ छारी और खंड चिकित्सा अधिकारी निशांत सिंह परिहार अनशन स्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने कोरी की मांगों पर चर्चा कर उन्हें जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. बबीता खरे का स्थानांतरण ब्यौहारी सिविल अस्पताल किया गया है। उन्होंकल्याण समिति के प्रभारीने अभी ज्वाइन नहीं किया है और जल्द कार्यभार संभालने की बात कही गई। सोनोग्राफी सुविधा के लिए मरीजों को डॉ. आरएस पांडे के यहां टोकन जारी किए जाएंगे। टोकन के आधार पर सिविल अस्पताल के मरीजों की निःशुल्क सोनोग्राफी होगी, जिसका भुगतान सीएमएचओ कार्यालय द्वारा किया जाएगा।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सत्येंद्र त्रिपाठी ने कहा कि प्रशासन के लिखित आश्वासन की निगरानी की जाएगी। 25 दिन में व्यवस्थाएं लागू नहीं हुईं तो उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। जिला पंचायत सदस्य पुष्पेंद्र पटेल ने भी कहा कि अब मांगों को लेकर लगातार निगरानी रखी जाएगी। समाजसेवी डॉ. अशोक तिवारी ने कहा कि ब्यौहारी को जिला बनाने की मांग लंबे समय से उठ रही है। क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को देखते हुए 60 वर्षीय व्यक्ति को आमरण अनशन करना पड़ा, जो चिंता का विषय है। कार्यक्रम में अनिल नामदेव पप्पू सहित अन्य लोगों ने भी विचार रखे।











