श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- जबलपुर। शादी की तैयारियां पूरी थीं और वर पक्ष की बरात का इंतजार हो रहा था, लेकिन दहेज में 10 लाख रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर बारात नहीं पहुंची। अंतिम समय में वर पक्ष की ओर से रकम की मांग किए जाने के बाद रिश्ता टूट गया।
युवती की शिकायत पर खमरिया पुलिस ने मंगलवार को वर और उसके पिता के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार 32 वर्षीय युवती निजी काम करती है।
मैरिज पोर्टल के माध्यम से हुई थी पहचान
वर्ष 2024 में ऑनलाइन मैरिज पोर्टल के माध्यम से उसकी पहचान भोपाल के भदभदा, कटारा हिल्स निवासी सुमित सिंह से हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद दोनों ने अपने परिवारों को एक-दूसरे से मिलवाया और विवाह पर सहमति बनी। पांच अगस्त 2025 को रसल चौक स्थित एक होटल में दोनों की सगाई हुई।
इसके बाद 19 जून 2026 को विवाह की तारीख तय की गई। रसल चौक के होटल में विवाह समारोह की तैयारियां भी कर ली गई थीं।
शादी से पहले रख दी 10 लाख की शर्त
विवाह से कुछ समय पहले सुमित के पिता महेंद्र युवती के घर पहुंचे। युवती के स्वजन के मुताबिक उन्होंने विवाह के दौरान सुमित को 10 लाख देने की मांग रखी। परिवार ने असमर्थता जताई। इसके बाद महेंद्र वहां से लौट गए। 19 जून को विवाह स्थल पर युवती के स्वजन और रिश्तेदार बरात का इंतजार करते रहे, लेकिन वर पक्ष से कोई नहीं पहुंचा। अगले दिन युवती के स्वजन भोपाल गए और सुमित व महेंद्र से बातचीत की।
रुपये दिए जाने तक विवाह करने से साफ इन्कार
आरोप है कि दोनों ने 10 लाख रुपये दिए जाने तक विवाह करने से साफ इन्कार कर दिया। इसके बाद युवती ने खमरिया थाने में शिकायत की। पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद वर सुमित सिंह और उसके पिता महेंद्र के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।












