श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- बुढ़ारः जिले के बुढार थाना क्षेत्र के बलबहरा स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय दमकीटोला के पास मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दो लोगों के आपसी विवाद को सुलझाने पहुंची डायल-112 पुलिस ही लाठी बरसाने लगी।
स्थानीय लोगों के अनुसार दमकीटोला में दो व्यक्ति आपस में कहासुनी और मारपीट कर रहे थे। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों ने डायल-112 को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने विवाद सुलझाने के बजाय मौके पर मौजूद लोगों पर लाठियां भांज दिया। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने बिना स्थिति को समझे तानाशाही रवैया अपनाया।
स्कूल परिसर के पास दिन-दहाड़े हुई इस कार्रवाई से बच्चों और ग्रामीणों में दहशत फैल गई। घटना के बाद बलबहरा क्षेत्र में पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि विवाद सुलझाने गई पुलिस ने ही कानून अपने हाथ में ले लिया। इस संबंध में बुढार थाना प्रभारी विनय सिंह ने कहा पता कराकर बताता हूं क्या मामला है।
यदि डायल-112 के कर्मचारियों द्वारा नियम विरुद्ध कार्रवाई की गई है तो उनके खिलाफ विभागीय जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। फिलहाल इस घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जिसके बाद पुलिस के उच्च अधिकारी भी मामले को गंभीरता से ले रहे हैं














