श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोल के बुढार थाना क्षेत्र में डीजल चोरी के शक में ट्रांसपोर्ट कंपनी संचालकों पर वाहन चालकों को बंधक बनाकर पीटने का आरोप लगा है। पीड़ितों ने आरोप लगाया है कि उन्हें डंडों, मुक्कों और थप्पड़ों से पीटा गया।
चालकों का कहना है कि उनसे जबरन डीजल चोरी का कबूलनामा दिलवाया गया और इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया। इसके अतिरिक्त, उनसे कोरे कागजों पर हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान भी लगवाए गए।
यह मामला गुरुवार शाम तब सामने आया जब घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद पीड़ितों ने बुढार थाने में शिकायत दर्ज कराई और निष्पक्ष जांच व सुरक्षा की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, उमरिया जिले के ग्राम राघोपुर निवासी वाहन चालक इरशाद मोहम्मद अपने साथी मुस्तकीम मोहम्मद, सुनील रैदास, रजनीश काछी, शाहिद उर्फ पड़ा समेत अन्य चालकों के साथ बुढार स्थित हिंद ट्रांसपोर्ट कंपनी पहुंचे थे। यह कंपनी मारुति नंदन पेट्रोल पंप के सामने संचालित है। आरोप है कि वहां मौजूद संचालकों और उनके साथियों ने सभी चालकों को एक कमरे में बंद कर दिय
इन पर लगा मारपीट का आरोप
पीड़ितों ने अब्दुल शफीक खान उर्फ अब्दुल्ला, अब्दुल रफीक खान उर्फ बब्लू, अमित गुप्ता, अंजी, जयंत जामवानी, निखिल सेन और अन्य लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है। मारपीट के दौरान उन पर डीजल चोरी स्वीकार करने का दबाव बनाया गया। आरोप है कि पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया गया, ताकि इसे कबूलनामे के रूप में इस्तेमाल किया जा सके।
पीड़ितों ने अपनी शिकायत में बताया है कि घटना के बाद उन्हें पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई थी। इसी डर के कारण वे तत्काल शिकायत दर्ज नहीं करा सके।
जांच के आधार पर कार्रवाई
बुढार थाना प्रभारी विनय सिंह ने बताया कि चालकों की शिकायत प्राप्त हो गई है। वायरल वीडियो की सत्यता और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस जांच में जुटी हुई है।








