श्रेया न्यूज़ शहडोल द्रोपती धुर्वे :- शहडोल। जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र के चोरमारा गांव में एक चक्की व्यापारी के घर चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर घर में घुसकर करीब दो तोला सोना और डेढ़ किलो चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने चोरी गए सामान की कीमत पांच लाख रुपये से अधिक बताई है। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, पीड़ित द्वारा बताए गए एक संदेही से भी पुलिस पूछताछ कर रही है।घर की बाड़ी में कुछ सामान मिला है।
पुलिस के अनुसार, चोरमारा निवासी चक्की व्यापारी अरुण कुमार साहू ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि घटना के समय वह अपने परिवार के साथ घर के दूसरे कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर घर में घुस गए और दूसरे कमरे में रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। आहट होने पर परिवार के सदस्य जागे तो चोरी की जानकारी मिली।
पीड़ित का कहना है कि घर में रखा करीब दो तोला सोना और लगभग डेढ़ किलो चांदी के जेवरात गायब थे। चोरी का पता चलते ही परिवार ने घर के पीछे एक संदिग्ध व्यक्ति को घूमते हुए देखा। इसके बाद तत्काल डायल-112 को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्ध को पूछताछ के लिए अपने साथ थाने ले गई।











